– शेष अन्य आरोपियों की तलाश जारी
जयपुर। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के रीको इंडस्ट्रियल एरिया सोतानाला स्थित एक निर्माणाधीन फैक्ट्री से 31.48 टन सरिया चोरी करने वाले आरोपी को बहरोड़ सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दिल्ली में छिपे आरोपी को धर दबोचा।
चोरी की साजिश का खुलासा
शिकायतकर्ता संजय सिंह (प्रोजेक्ट मैनेजर, हाईटेक कंबटेंट बिल्डर प्राइवेट लिमिटेड) ने 9 सितंबर 2024 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी सोतानाला स्थित निर्माणाधीन फैक्ट्री से बड़ी मात्रा में सरिया चोरी हो गया है। जांच में सामने आया कि मजदूरों का एक समूह 29 अगस्त से लापता था। इसी बीच 4 सितंबर को एक अनजान नंबर से सूचना मिली कि फैक्ट्री से 30-35 टन सरिया चोरी किया गया है। इसके बाद जब स्टॉक की दोबारा जांच कराई गई तो 31.48 टन सरिया चोरी होना पाया गया।
दिल्ली से पकड़ा गया शातिर चोर
जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यन्त के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शालिनी राज तथा पुलिस उप अधीक्षक वृत बहरोड़ कृतिका यादव के सुपरविजन में थानाधिकारी सीमा सिनसिनवार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सैलेन्द्र सिंह उर्फ बन्टी पुत्र आशा सिंह सिकलीगर सरदार (40 वर्ष ) निवासी मकान नं. 20/31 थाना कल्याणपुरी दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।