
– हिस्ट्रीशीटर की स्कॉर्पियो से पिस्टल और कारतूस बरामद
– अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी हुआ फरार
जयपुर। कोटपूतली-बहरोड़ जिले भर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बासदयाल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर की स्कॉर्पियो गाड़ी से एक अवैध पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 24 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह 61-61 गैंग का सक्रिय सदस्य व कोटपूतली थाने का हिस्ट्रीशीटर है जो लंबे समय से पुलिस के निशाने पर था। हालांकि पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस का शिकंजा, अंधेरे का फायदा उठा आरोपी फरार
जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यन्त के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के सुपरविजन में बासदयाल थाना प्रभारी प्रदीप सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने माण्डली नदी की पुलिया के पास घेराबंदी की। संदेह होने पर एक स्कॉर्पियो गाड़ी की तलाशी ली गई लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने मौके से अवैध देशी पिस्टल व जिंदा कारतूस सहित स्कॉर्पियो गाड़ी जब्त कर ली।
24 आपराधिक मामलों में वांछित, हिस्ट्रीशीटर की तलाश जारी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार प्रदीप गुर्जर पुत्र दाताराम गुर्जर निवासी ढ़ाणी रावतान, मानसी विहार कोटपूतली विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज 24 आपराधिक मामलों में वांछित है और कोटपूतली थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। वह 61-61 गैंग का सक्रिय सदस्य भी बताया जा रहा है। बासदयाल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अवैध हथियारों के खिलाफ जारी है विशेष अभियान
जिला पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज अजयपाल लाम्बा के निर्देशानुसार यह अभियान चलाया जा रहा है। संगठित अपराध व अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयाँ आगे भी जारी रहेंगी।