– प्रदेश के अधिकांश जिलों में आज कोहरा छाया
– कोहरे के चलते वाहन चालक बरत रहे सतर्कता
जयपुर। राजधानी जयपुर सहित प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। जहां तीन दिन पहले प्रदेश में मावठ पड़ रही थी। वहीं अब घने कोहरे ने जयपुर सहित प्रदेश के कई जिलों को अपने घेरे में लिया है। गुलाबी नगर में आज सवेरे से ही गलनभरी सर्दी का अहसास हुआ और तीखी सर्दी के चलते लोग धूजते हुए नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अभी मौसम साफ रहने से तीखी सर्दी का दौर रहेगा। आज प्रदेश के अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाया रहा। वहीं कड़ाके की सर्दी से लोग धूजते हुए नजर आए। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी 21 जनवरी से फिर से मौसम में बदलाव होगा और पश्चिमी विक्षोभ के चलते एक बार फिर से बारिश का दौर शुरू होगा।
मौसम विभाग के अनुसार, आज सुबह राजधानी में घना कोहरा छाया रहा। शहर के बाहरी व खुले इलाकों में घना कोहरा छाने से सड़कों पर दृश्यता कम रही। वहीं तीखी सर्दी से आज सवेरे सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही। आज सवेरे राजधानी जयपुर का तापमान 7 डिग्री सेल्सियसरेकॉर्ड किया गया। आज सवेरे जयपुर समेत 4 संभागों के कई जिलों में छाए घने कोहरे और बर्फीली हवा के कारण सर्दी तीखे तेवर दिखा रही है। कुछ जिलों में ‘कोल्डडे’ के चलते बर्फीली हवाएं चलीं इस गलन महसूस होने पर लोग ठिठुरते रहे। मौसम विभाग ने आज और कल प्रदेश के कई जिलों में अति घना कोहरा छाया रहेगा।
ज्यादातर भागों में मौसम शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी सप्ताह में प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। कोटा, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, बीकानेर संभाग में कुछ स्थानों पर आज सवेरे भी घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के प्रभाव से आगामी दो दिन कहीं-कहीं अधिकतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री नीचे दर्ज होने की संभावना है। वहीं आगामी 21-22 जनवरी के आसपास प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी भागों में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से फिर से कई जिलों में मावठ का दौर रहने व घना कोहरा छाने पर सर्दी का पलटवार होने की आशंका है।