जयपुर। सावन के पहले सोमवार ( sawan ka pahala somwar ) के अवसर पर छोटी काशी के सभी एतिहासिक मंदिरों बम-बम भोले की गूंज से सराबोर हैं। सुबह से शिवालयों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। सावन के पहले सोमवार के साथ आज नाग पंचमी ( nag panchami ) होने से शिव भक्त भौर होते ही भोले बाबा का जलाभिषेक, पूजा अर्चना के लिए मंदिरों में उमड़ पड़े। शिव भक्तों ने भोले बाबा को शिव के प्रिय भांग, बिल्व पत्र, दूध, आक, धतुरा, चंदन अर्पित कर रहे हैं। ऐसे ही राजधानी के क्वींस रोड स्थित झाड़खंड महादेव मंदिर, चौड़ा स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर, धुलेश्वर महादेव मंदिर, चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रृद्धालु का जनसैलाब उमड़ा।
मंदिरों रही विशेष व्यवस्था:
राजधानी के क्वींस रोड स्थित झाड़खंड महादेव मंदिर, चौड़ा स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर, धुलेश्वर महादेव मंदिर, चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर, जंगलेश्वर महादेव, गलतागेट स्थित संतानेश्वर महादेव मंदिर में सुबह 3 बजे ही पट खुल गए थे और तभी से पूजा-अर्चना के लिए कतारे लगना शुरु हो गई थी। शिव भक्त कतारों में जलाभिषेक के लिए इंतजार करते नजर आ रहे है। इस दौरान श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह दिखाई दे रहा था। जलाभिषेक के लिए मंदिरों में रामझारों की विशेष व्यवस्था की गई। झारखंड महादेव मंदिर में 600 रामझारों एवं 400 रामझारों व डोलची की व्यवस्था की गई है। मंदिरों में व्यवस्था बनाएं रखने के लिए पुलिस के साथ कार्यकर्ता भी लगे हुए थे।
कावड़ यात्राओं की रही धूम
रविवार शाम से ही गलता से कावड़ यात्राओं ( kavad yatra ) की धूम शुरू हो गई थी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गलता तीर्थ पहुंचे और कावड़ में जल भर कर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। कावड़ यात्राओं के चलते शहर बोल बम ताड़क बम और हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान रहा। कावड़ यात्राओं भक्त शिव और गणों का स्वांग रच कर चल रहे थे, वहीं कावड़िए डीजे पर बज रहे भजनों पर थिरकते हुए चल रहे थे। हर-हर महादेव, बोल बम ताड़क बम के जयघोष करते कावड़ियों ने चारदीवारी को गुंजायमान कर दिया। टोंक रोड, जेएलएन मार्ग, सहकार मार्ग, अजमेर रोड पर भी कई कावड़ यात्राएं दिखाई दी।