जयपुर। राजधानी जयपुर में स्थित राजापार्क के एक शोरूम से आज तड़के डेढ़ करोड़ रुपए के मोबाइल चोरी हो गए है। वारदात के बाद जयपुर पुलिस अलर्ट मोड पर है। शहर भर में नाकाबंदी करवाई जा रही है। चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। जवाहर नगर पुलिस ने केस दर्ज किया है। फोरेसिंक टीम के साथ ही डॉग स्क्वॉयड को भी मौके पर बुलाया गया है। दरअसल, जवाहर नगर थाना क्षेत्र के राजापार्क में स्थित पंचवटी सर्किल के नजदीक हॉट स्पॉट मोबाइल शोरूम में तड़के करीब साढ़े तीन बजे वारदात हुई है। शोरूम के मालिक रमेंद्र सिंह ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो पता चला कि बाइक पर आए तीन युवकों ने वारदात की है। वे सीसीटीवी में नजर आ रहे हैं, लेकिन सभी ने चेहरा छुपाया हुआ था। चोर शटर का लॉक तोड़कर शोरूम में घुसे और उसके बाद वारदात को अंजाम दिया। मालिक रमेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले ही नया स्टॉक आया था। एप्पल और सैमसंग जैसी महंगी कंपनी के मोबाइल ही चोरों ने चुराए हैं। जिनकी कीमत करीब एक करोड़ पचास लाख रुपए तक है। दूसरे सस्ते एंड्रायॅड फोन को चोरों ने छुआ तक नहीं है।