Weather Update Today: राजस्थान में फरवरी का महीना भले ही तेज गर्मी में निकला हो लेकिन मार्च में महीने में आखिर तक गर्मी से राहत जारी है। अब मौसम विभाग ने फिर राजस्थान में 6 दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार बैक टू बैक सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 26 और 27 मार्च को राज्य के पूर्वी और उत्तरी भागों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं इसके बाद फिर एक नया और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिसके असर से 28 मार्च से 31 मार्च तक राजस्थान के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ आंधी और बारिश की संभावना है। इससे पहले राज्य में 23 मार्च को भी कई जगह मेघगर्जन के साथ बारिश की गतिविधियां दर्ज की गईं। प्रदेश की राजधानी जयपुर सहित भरतपुर और कोटा संभाग में भी कहीं कहीं हल्की बारिश की गतिविधियां दर्ज की गईं। पिछले लगातार करीब एक सप्ताह से भी ज्यादा समय से प्रदेश के किसी ना किसी हिस्से में आंधी-बारिश का दौर जारी है जिसके चलते तापमान भी सामान्य से नीचे या आसपास रहे और गर्मी भी नहीं रही। मार्च के शुरूआती दिनों में जहां प्रदेश के कुछ हिस्सों में हीटवेव चलने लगी थी उससे भी फिलहाल में प्रदेश में राहत है।