स्वर्णनगरी में न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाते हुए रविवार को अति संवेदनशील गवाह बयान केंद्र का लोकार्पण किया गया। केंद्र का उद्घाटन राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं संरक्षक न्यायाधीश जैसलमेर न्याय क्षेत्र इंद्रजीतसिंह ने किया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी, जैसलमेर बार एसोसिएशन के अधिवक्ता और न्यायिक कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला एवं सेशन न्यायाधीश ओमी पुरोहित ने न्यायाधीश इंद्रजीतसिंह का माल्यार्पण और साफा पहनाकर स्वागत किया। विशिष्ट न्यायाधीश देव कुमार खत्री, चंद्र प्रकाश सिंह, अतिरिक्त जिला न्यायाधीश महेंद्र अग्रवाल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विजेंद्र कुमार और अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट सौभाग्य सिंह चारण ने स्वागत सत्कार किया। जिला एवं सेशन न्यायाधीश ओमी पुरोहित का स्वागत अधिशासी अभियंता नीरज सोनी और सहायक अभियंता मनजीत सिंह ने किया।
जिला बार एसोसिएशन जैसलमेर की ओर से भी स्वागत कार्यक्रम आयोजित हुआ। बार अध्यक्ष किशन प्रताप सिंह राठौड़, वरिष्ठ अधिवक्ता उम्मेद सिंह नरावत, अब्दुल रहमान मेहर, रानीदान सेवक, विमलेश कुमार पुरोहित, गागन खान मेहर, ओम वासु, विपिन व्यास, भगवान सिंह शेखावत, महेश माहेश्वरी, रमनलाल बालोच और जिला उपभोक्ता मंच अध्यक्ष चंदनाराम चौधरी सहित अधिवक्ताओं ने ज्ञापन सौंपा। इसमें विशिष्ट न्यायालय एनआई एक्ट की स्थापना, रिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट पदों की पूर्ति और अधिवक्ताओं के लिए चैंबर्स, हाल, पक्षकार हाल, कैंटीन और डिस्पेंसरी के लिए बजट स्वीकृति का आग्रह किया गया।