
जोधपुर. एक सितम्बर से जेट एयरवेज दिल्ली से जोधपुर के लिए चलने वाली दो फ्लाइट को बंद करके उसे एक फ्लाइट में बदलने जा रहा है। दो दिन बाद जेट दिल्ली-जोधपुर के लिए बोइंग-737 विमान की सेवा शुरू करेगा जो दोपहर 12.30 बजे जोधपुर पहुंचेगी। यही विमान वापसी में दोपहर 1 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा। अब तक जेट एयरवेज दो उड़ानों में छोटे विमान एटीआर का उपयोग करती थी जिसमें 72 सीटें थी। एक सितम्बर से बोइंग-737 विमान का उपयोग होगा, जिसमें करीब 170 यात्री बैठ सकेंगे। एटीआर विमान से यात्रा में करीब 2 घण्टे का समय लगता था। बोइंग में दिल्ली का सफर 1 घण्टा 25 मिनट में तय होगा।
उड़ान संख्या 9डब्ल्यू688 और 9डब्ल्यू689 बंद होगी
दिल्ली से जोधपुर के लिए वर्तमान में जेट एयरवेज की दो उड़ानें हैं। उड़ान संख्या 9डब्ल्यू688 दिल्ली से सुबह 9.45 बजे रवाना होकर 11.45 बजे जोधपुर पहुंचती है। यही वापसी में 9डब्ल्यू689 बनकर दोपहर 12.15 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरती है। उड़ान संख्या 9डब्ल्यू729 दोपहर 12.35 बजे दिल्ली से उडकऱ दोपहर 2.15 बजे जोधपुर पहुंचती है जो वापसी में 9डब्ल्यू732 बनकर पौने तीन बजे जोधपुर से उड़ान भरकर अपराह्न 4.35 बजे दिल्ली पहुंचती है।
जेट एयरवेज एक सितम्बर से उड़ान संख्या 9डब्ल्यू688 और 9डब्ल्यू689 को बंद कर देगा। नई उड़ान का नाम 9डब्ल्यू729 रखा गया है जो बोइंग-737 विमान है। जेट एयरवेज ने दोपहर में दिल्ली-जोधपुर के बीच यात्री भार अधिक होने की वजह से दोनों उड़ानों की जगह एक बड़ी उड़ान में बदलने का निर्णय किया है।
एक सितम्बर से अब यह रहेगा दिल्ली-जोधपुर उड़ान का समय
उड़ान संख्या ——-प्रस्थान ——-समय ——- आगमन ——-समय
9 डब्ल्यू 729 —–दिल्ली ——-सुबह 11.10 ——- जोधपुर ——-दोपहर 12.30
9 डब्ल्यू 732 —–जोधपुर ——-दोपहर 1 बजे ——-दिल्ली ——- दोपहर 2.25
एटीआर और बोइंग में अंतर
– एटीआर-72 विमान में करीब 72 सीटें होती हैं। विमान की लम्बाई 27.17 मीटर और पंखों का फैलाव 27.05 मीटर होता है, जबकि बोइंग-737 में 170 से 180 सीटें होती है। बोइंग की लम्बाई 39.50 मीटर और पंखों का फैलाव 35.7 मीटर तक होता है।
– एटीआर में पीडब्ल्यू 127 इंजन प्रयुक्त होता है जो विमान को औसतन 511 किलोमीटर प्रति घण्टे की गति देता है जबकि बोइंग में सीएफएम 567बी24 इंजन है। इसकी गति 835 किलोमीटर प्रति घण्टा होती है।
अक्टूबर तक के लिए है शेड्यूल
जेट एयरवेज ने एक सितम्बर से दिल्ली-जोधपुर की दो फ्लाइट के स्थान पर एक फ्लाइट संचालन का फैसला किया है। यह बोइंग होगा। फिलहाल जेट ने दो महीने यानी अक्टूबर तक इस फ्लाइट का शेड्यूल दिया है।
जीके खरे, निदेशक, जोधपुर एयरपोर्ट