
जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में होने वाले छात्रसंघ चुनाव-18 के मद्देनजर शुक्रवार को विवि के केन्द्रीय कार्यालय में मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. अवधेश शर्मा ने पुलिस प्रशासन, चीफ प्रोक्टर्स, प्रोक्टर्स, डीन-डायरेक्टर्स, विश्वविद्यालय संकायों के निर्वाचन अधिकारी, पीआरओ व छात्र प्रतिनिधियों के साथ बैठक ली। बैठक में चुनाव संबंधी कार्यों व तैयारियों पर चर्चा की गई। इस साल भी बूथ पर मतदान करने वाले छात्र छात्राएं अपने साथ मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे।
प्रो. शर्मा ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव में मतदान के लिए मतदाताओं के पास विश्वविद्यालय द्वारा जारी परिचय पत्र का होना अनिवार्य होगा। विद्यार्थी अपना परिचय पत्र संबंधित संकाय/विभाग से प्राप्त कर सकते हैं। इसके बिना मतदाता को मतदान नहीं करने दिया जाएगा। सभी संकायों के प्रवेश द्वार व बूथ पर छात्र के परिचय पत्र की जांच की जाएगी। पुलिस अधिकारी व जवान सभी मतदान स्थानों पर विवि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मौजूद रहेंगे। बेरिकेडिंग पर विद्यार्थी के परिचय पत्र की जांच के बाद प्रोक्टर्स के निर्देश पर ही उन्हें मतदान के लिए बूथ में प्रवेश दिया जाएगा। परिचय पत्र की जांच बूथ पर पुन: होगी। बूथ पर किसी भी प्रकार का वाहन, मोबाइल व अन्य अनुचित वस्तुएं निषिद्ध रहेगी।