नए सीएमएचओ बोले- स्वाइन फ्लू से निपटना ही पहली प्राथमिकता
जोधपुर.
संभाग में लगातार बेकाबू स्वाइन फ्लू के चलते सरकार ने चिकित्सकों के तबादला आदेश के साथ जोधपुर व पाली के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बदल दिया है। शुक्रवार रात जारी चिकित्सकों के तबादला आदेश के अनुसार जोधपुर के सीएमएचओ डॉ. सुनील कुमार बिस्ट का तबादला भोपालगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में कर दिया गया। वहीं आरसीएचओ जोधपुर के पद पर तैनात डॉ. बलवंत मण्डा को सीएमएचओ पद पर लगाया गया है। आदेश की पालना में डॉ. मंडा ने शनिवार अपराह्न सीएमएचओ पद पर कार्यभार ग्रहण कर लिया। जिम्मेदारी संभालने के दौरान डॉ. मंडा ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता स्वाइन फ्लू से निपटने एवं प्रभावी कदम उठाने की रहेगी। साथ ही सभी के सहयोग से मौसमी बीमारियों पर नियंत्रण रखने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती देने का भरसक प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर राजस्थान सेवारत चिकित्सक संघ, राजस्थान रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन से जुड़े चिकित्सकों ने सीएमएचओ कार्यालय पहुंच कर डॉ. मंडा का स्वागत किया और जोधपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को आगे बढ़ाने में हरसंभव सहयोग करने का भरोसा दिलाया। इसी प्रकार से सरकार ने पाली के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेन्द्रसिंह शेखावत को पावटा जिला अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी पद पर स्थानान्तरण किया है। हालांकि पाली में सीएमएचओ पद के लिए अभी तक किसी के आदेश जारी नहीं किए गए हैं।
सरकार से करेंगे मांग-
चिकित्सक संघ से जुड़े चिकित्सकों ने कहा कि तबादला कर अन्य जिम्मेदारी देना सरकार की सतत प्रक्रिया है, लेकिन सीएमएचओ डॉ. बिस्ट ने अपने कार्यकाल के समय अच्छे प्रयास किए। उनका सीएचसी में एमओ के पद पर स्थानातंरण उचित नहीं है। इसलिए सरकार से यह मांग की जाएगी कि उन्हें उनके स्तर के पद पर लगाया जाएं।
कई चिकित्सक भी इधर-उधर
डॉ. अभिषेक वल्लभ व्यास का नाथड़ाऊ प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से राजकीय चिकित्सालय प्रतापनगर जोधपुर, डॉ. सज्जनसिंह सोलंकी का पीएचसी दाखा-बाड़मेर से पीएचसी सालवा कला जोधपुर, डॉ. प्रांशु मोहतानी का पीएचसी सालवा कला जोधपुर से पीएचसी दाखा-बाड़मेर, डॉ. योगेन्द्रसिंह राठौड़ का शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बालसमंद जोधपुर से पीएचसी खेतासर जोधपुर, डॉ. मंजूर इलाजी का जिला चिकित्सालय जालौर से जिला अस्पताल महिला बाग जोधपुर, डॉ. हीराराम खिलेरी का जिला अस्पताल जैसलमेर से राजकीय चिकित्सालय डिगाड़ी कल्ला जोधपुर, डॉ. नयाज मोहम्मद को राजकीय चिकित्सालय डिगाड़ी कल्ला जोधपुर का जिला अस्पताल जैसलमेर, डॉ. विनिता माथुर का सीएचसी रोहट से सीएचसी भोपालगढ़, डॉ. हनुमानराम का सीएचसी भोपालगढ़ से सीएचसी रोहट पाली तबादला किया गया है।