कोटा. बारिश में कूलर, वाटर कूलर व पंखों में कंरट आने की शिकायतें बढ़ गई हैं। रविवार को सीबी गार्डन में लगे वाटर कूलर के पास खुले पड़े तार से बालक करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने गए पिता को भी करंट का झटका लगा। बालक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत में कुछ सुधार है।
पीडि़त बालक के चाचा ब्रह्मानन्द योगी ने बताया कि अंता थाना क्षेत्र के डाबरी निवासी रघुवीर योगी पत्नी व बच्चों के साथ कोटा में रहकर मजदूरी करता है। रविवार दोपहर रघुवीर परिवार सहित गांव जाने के लिए सीबी गार्डन के सामने निजी बस में बैठने के लिए आया। बस के इंतजार में चाय-नाश्ता करने लगा। इसी दौरान 7 वर्षीय बालक बुद्धिप्रकाश बड़ी बहन पारस के साथ गार्डन के अंदर लगे वाटर कूलर में पानी पीने गया। वहां पड़े बिजली के खुले तार की चपेट में बुद्धिप्रकाश आ गया और नीचे लोहे की प्लेट पर गिर गया। भाई को अचानक गिरते देख पारस दौड़कर पिता के पास आई और घटना के बारे में बताया। पिता दौड़कर वाटर कूलर के पास पड़े बेटे को उठाने लगा तो उसे भी करंट का झटका लगा। वहां पर तैनात गार्ड ने दौड़कर वाटर कूलर की विद्युत सप्लाई बंद की, तब रघुवीर बेसुध बेटे को लेकर एमबीएस अस्पताल पहुंचा। उपचार के बाद बालक को होश आ गया।
ब्रह्मानन्द ने बताया कि वाटर कूलर के पास ही एक काला तार खुला पड़ा था, जिसकी चपेट में बालक आ गया। भगवान का शुक्र है कि बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि पार्क में तो काफी लोगों की आवाजाही रहती है, उनमें छोटे बच्चे भी होते हैं। यदि ऐसे तार खुले पड़े रहेंगे तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।