अब हिना का रंग भी नकली से बदरंग सामने आया है। औषधि नियंत्रण आयुक्तालय के निर्देश पर कोटा औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने गुरुवार देर रात को कोटा में अवैध रूप से चल रहे मेहंदी बनाने के कारखाने पर दबिश दी। जहां से बड़ी मात्रा में मेहंदी बरामद की है। जिसे केमिकल डालकर अवैध रूप से तैयार किया जा रहा था। यह मेहंदी राजस्थान, मध्यप्रदेश व उत्तरप्रदेश में खपाई जा रही थी।
ड्रग कंट्रोलर को मिली थी शिकायत
ड्रग कंट्रोलर राजाराम शर्मा ने बताया कि इस मामले में शिकायत मिली थी। जिसके बाद कोटा की टीम से करवाई गई। जिसमें ड्रग कंट्रोल ऑफिसर नरेंद्र राठौर, आसाराम मीणा, दिनेश कुमावत और योगेश कुमार मौके पर भेजे गए। साजिदेहड़ा इलाके में अवैध रूप से सजनी मेहंदी के ब्रांड नाम से मेहंदी बनाने का काम किया जा रहा था। उसके व्यक्ति के पास लाइसेंस भी नहीं था और केमिकल के जरिए मेहंदी की कोन तैयार किए जा रहे थे। टीम ने 10 रुपए वाली 1248 और 15 वाली 10 हजार कोण बरामद किए है। यह सजनी गोल्ड दुल्हन मेहंदी के नाम से बेची व सप्लाई की जा रही थी। इसके अलावा टीम ने पैकिंग की सामग्री, मेहंदी पाउडर, मशीनरी, ग्वारगम और ओजेलिक एसिड केमिकल भी मिला है। यह पूरा माल करीब 2 से 2.50 लाख रुपए से ज्यादा का बताया जा रहा है। कारखाने को सीज कर दिया गया है।
इस व्यक्ति के खिलाफ 2 साल पहले भी इसी तरह से कार्रवाई की गई थी। इस मामले में मोहम्मद यूसुफ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उसके खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया जाएगा।