
नागौर. बिजली का बकाया बिल का भुगतान नहीं करने वालों के लिए खतरे की घंटी बच चुकी है। डिस्कॉम की ओर से एक हजार से ज्यादा का बकाया होने की स्थिति में उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए जा रहे हैंँ। केवल सात दिनों में ही विभाग की ओर से अब तक 430 उपभोक्ताओं से अब तक कुल 50 लाख 58 हजार की राशि वसूली जा चुकी है। जबकि बकाया जमा नहीं करने वाले 255 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा चुके हैं।
डिस्कॉम की ओर से अभियान के तहत अब तक पांच हजार से ज्यादा ऊपर के 180 बकाएदारों से 26 लाख 41 हजार एवं एक हजार ऊपर के 250 उपभोक्ताओं से 24 लाख 16 हजार की वसूली की गई है। इस दौरान 255 उपभोक्ताओं की ओर से चेतावनी के बाद भी 29 लाख 30 हजार का बकाया जमा नहीं कराने पर कनेक्शन विच्छेद कर दिए गए।
ऐसे की जा रही कार्रवाई
डिस्कॉम की ओर से बकाएदारों के खिलाफ वसूली का अभियान तेज कर दिया गया है। इसके लिए डिस्कॉम की ओर से कुल 10 टीमें बनाई गई है। अधिकरियों का कहना है कि पहले तो सामान्यत: बकायेदारों के यहां संबंधित कनिष्ठ अभियंताओं के साथ टीम चली जाती थी। इस बार ऐसा नहीं है, बल्कि इसमें बदलाव किया गया है। योजनागत तरीके से क्षेत्रवार टीमें बनाए जाने के साथ ही उपभोक्ताओं से फोन पर भी संपर्क किया जा रहा है। इसके तहत एक टीम वसूली करने जाती है तो दूसरी उससे फोन पर बात कर उसको बकाया याद दिलाने के साथ ही चेतावनी जारी करती है। इसके बाद भी उपभोक्ता ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया तो फिर अगले दिन कनेक्शन विच्छेद करने के लिए दूसरी टीम पहुंच जाती है। टीमों की गतिविधियों पर निगरानी के लिए भी अलग से विशेष दल गठित किए गए हैं।
कनेक्शन दिया तो होगी मुश्किल
डिस्कॉम के अनुसार इस दौरान कनेक्शनों की स्थिति का भौतिक सत्यापन भी हर तीसरे दिन किया जाएगा। इस दौरान उपभोक्ताओं ने यदि पड़ोसी से सहायता लेकर बिजली का कनेक्शन जलाते पाए तो न केवल संबंधित के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होगी, बल्कि पड़ोसी का कनेक्शन विच्छेद करने के साथ ही उसका भी कनेक्शन काटकर मीटर जब्त कर लिया जाएगा। यही नहीं, अनाधिकृत तरीके से कनेक्शन किसी भी माध्यम से जुड़ा हुआ पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना है…
डिस्कॉम की ओर से बकाएदारों के खिलाफ अभियान अभियान तेज कर दिया गया है। अब तक 50 लाख से ज्यादा की वसूली हुई है। उपभोक्ता अब ऑनलाइन भी बकाया जमा करा सकते हैं।
कैलाश जैन, सहायक अभियंता अजमेर विद्युत वितरण निगम- नागौर