-भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने संगठन ढांचे को बताया ठीक
-कहा भाजपा कहती नहीं करके दिखाती है
-राजस्थान को अपराध मुक्त प्रदेश बनाएंगे
खींवसर (नागौर). भाजपा प्रदेश संगठन में बदलाव को लेकर चल रही अटकलों पर रविवार को विराम लग गया। संगठन की बैठकों में हिस्सा लेने खींवसर पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने इसके संकेत दिए है। उन्होंने कहा कि पुरानी गाड़ी ठीक चल रही है। उसमें टायर बदलने की जरूरत नहीं है छोटी-मोटी खराबी दुरूस्त करने के लिए कोई पार्ट बदलने की जरूरत पड़े वो बात अलग है।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि अभी उनके करीब डेढ़ माह का कार्यकाल हुआ है ऐसे में उन्हें लगता है कि सबकुछ ठीक ठाक चल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश को अपराध मुक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है। कांग्रेस के राज में अपराध इतने चरम पर पहुंच गया कि उस ग्राफ को कम करने के लिए सरकार को काफी संघर्ष करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की तरह राजस्थान सरकार भी अपराधियों के आशियानों पर बुल्डोजर चल रही है। अपराध रोकने के लिए किसी पार्टी को नहीं देखा जाएगा। चाहे वो भाजपा का ही क्यों न हो। उसे बक्शा नहीं जाएगा।
सर्वे व मंथन के बाद तय होगा उम्मीदवार, पार्टी में नहीं कोई धड़ेबंदी
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि फिलहाल चुनाव की अधिसूचना भी जारी नहीं हुई है। फिलहाल कार्यकर्ताओं से सम्पर्क किया जा रहा है। पहले पार्टी का सर्वे होगा तथा एक ओर मंथन के बाद प्रत्याशी तय होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में कोई धड़ेबंदी नहीं है। अभी अनेक लोग टिकिट मांग रहे है, लेकिन एक को प्रत्याशी तय करने के बाद सभी दावेदार साथ में मिलकर भाजपा को जिताने का काम करेंगे। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष का भाजपा नेता धनन्जयसिंह खींवसर ने माला पहनाकर स्वागत किया।