नागौर. प्रदेश के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर मंगलवार को नागौर दौरे पर आए। उन्होंने सर्किट हाउस में डिस्कॉम अधिकारियों व भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के बाद खींवसर विधानसभा क्षेत्र के लिए तीन नए जीएसएस बनाने सहित अन्य विकास कार्यों की सौगातें दी। ऊर्जा मंत्री नागर ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि खींवसर विधानसभा क्षेत्र के खजवाना व गोदारों की ढाणी में 2 नए 33/11 केवी के जीएसएस बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि खजवाना में एक जीएसएस पहले से है और एक और बनेगा, जिस पर 2.20 करोड़ की लागत आएगी। इसी प्रकार गोदारों की ढाणी में बनने वाले जीएसएस की 1.53 करोड़ लागत आएगी। मंत्री के आदेश पर अजमेर डिस्कॉम के एसई (योजना) ने दोनों जीएसएस की प्रशासनिक स्वीकृतियां जारी कर दी। मंत्री नागर यह भी बताया कि खींवसर के करणू में 132 केवी जीएसएस के प्रस्ताव को स्वीकृति जारी की गई है।
मंत्री ने बताया कि खजवाना क्षेत्र के कृषि उपभोक्ताओं को वर्तमान में 3 ब्लॉक में विद्युत सप्लाई दी जा रही है एवं पावर ट्रांसफार्मर ऑवरलोडेड होने के कारण लॉ वॉल्टेज की समस्या रहती है। 33/11के.वी. सब स्टेशन खजवाना-2 बनने से खजवाना गांव के किसानों के साथ इन्दोकली, बू-नारावता गांव, बू-नरावता की ढाणियां, पालड़ी जोधा की ढाणियां एवं ढाढरिया खुर्द आदि गांव लाभान्वित होंगे। इसी प्रकार 33/11 केवी सब स्टेशन गोदारों की ढाणी से गोदारों की ढाणी, खीचडों की ढाणी, कुड़छी एवं मगरा क्षेत्र के आसपास की ढाणियों आदि गांव-ढाणियां लाभान्वित होंगे।
महेशपुरा व भूण्डेल जीएसएस की भार क्षमता बढ़ाई
मंत्री नागर ने बताया कि खींवसर क्षेत्र में 33/11के.वी. सब स्टेशन महेशपुरा एवं भूण्डेल की भार क्षमता बढाने की तकनीकी स्वीकृति जारी करने के निर्देश दे दिए गए हैं। उक्त सब स्टेशन की भार क्षमता बढाने के लिए महेशपुरा में 1.13 करोड़ एवं भूण्डेल में 0.63 करोड़ का खर्च आएगा। मंत्री के निर्देश पर जोनल मुख्य अभियंता एमसी बाल्दी ने मौके से ही तकनीकी आदेश जारी कर दिए।
आड़े नहीं आएगा 45 हजार का राइडर
पत्रकारों से संवाद के दौरान ऊर्जा मंत्री ने बताया कि सौभाग्य योजना में बचे हुए कनेक्शनों को जारी करने में निर्धारित तकमीना राशि 45000 प्रति कनेक्शन से ज्यादा आने से इस योजना में कनेक्शन जारी नहीं हो पा रहे थे। उपभोक्ताओं की इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए तकमीना बनाने में शिथिलता प्रदान करने के निर्देश दे दिए गए हैं। इससे इस योजना में खींवसर व मूण्डवा क्षेत्र में लगभग 3000 नए कनेक्शन जारी किए जा सकेंगे।
खत्म करेंगे एफआरटी का सिस्टम
डिस्कॉम में ठेके पर दी गई एफआरटी व्यवस्था में अनियमिता के सवाल पर मंत्री ने कहा कि इसकी जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही ठेका अवधि समाप्त होने के बाद इस व्यवस्था को ही खत्म करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए डिस्कॉम में संविदा पर भर्ती की जाएगी, ताकि एफआरटी में हो रही धांधली को बंद किया जा सके।
सरकार का ध्यान विकास
दो दिन पूर्व सांसद हनुमान बेनीवाल की ओर से डीईसी की बैठक में लिए गए प्रस्तावों के कार्यों को रोकने के आरोप पर मंत्री नागर ने कहा कि सरकार का ध्यान विकास पर है। जनहित के किसी कार्य को नहीं रोका गया है। सांसद ने राजनीतिक लाभ के लिए कहा होगा।