नागौर. राज्य सरकार के एक साल के कार्यकाल को सुजानगढ़ विधायक व नागौर के संगठन प्रभारी मनोज मेघवाल, जिला अध्यक्ष जाकिर हुसैन गेसावत व प्रवक्ता गजेंद्रसिंह सांखला ने विफल बताया। बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए विधायक मेघवाल ने कहा कि भजनलाल सरकार ने एक साल के कार्यकाल में गहलोत सरकारी की योजनाओं को बंद करने के अलावा कुछ नहीं किया। जो विकास कार्य चल रहे थे या जिनके टेंडर हो गए थे, उनको जांच के नाम पर रुकवा दिया और अब तक चालू नहीं करवाया है। भाजपा ने चुनाव में जो वादे किए, वो भी पूरे नहीं किए। 100 दिन की कार्ययोजना पूरी नहीं की और न ही उसका हिसाब दिया। भाजपा नेताओं ने एक साल में एक लाख नौकरी देने की घोषणा की थी, लेकिन नई कोई भी भर्ती नहीं निकाली। कांग्रेस सरकार में जो भर्तियां निकाली थी, उनके अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देकर वाहवाही लूट रहे हैं। मेघवाल ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फैल साबित हुई है।
जिलाध्यक्ष जाकिर हुसैन गेसावत ने कहा कि गत दिनों जयपुर में हुए पीएम मोदी के कार्यक्रम में सरकारी मशीनरी का जमकर दुरुपयोग किया गया। कांग्रेस सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को योजना का डर दिखा कर जयपुर लेकर गए और अधिकारियों को उनको लाने-ले जाने व खाने की व्यवस्था में लगाया गया।
एमएसपी पर बाजरा की खरीद नहीं
कांग्रेस प्रवक्ता गजेन्द्र सिंह सांखला ने कहा कि राजस्थान में सरकार चला कौन रहा है, यही पता नहीं है। हर काम फोन और पर्ची से हो रहा है। मंत्री खुद सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। प्रदेश में अपराधों का ग्राफ बढ़ा है, बालिकाओं के साथ दुराचार हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार मौन साधे बैठे हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता नहीं दे रहे हैं और वृद्धों को पेंशन नहीं मिल रही है। एमएसपी पर बाजरा की खरीद नहीं हो रही और मूंग बेचने के लिए किसान तीन महीने से अपने नम्बर का इंतजार कर रहे हैं, खरीद केन्द्रों पर कतारें लग रही हैं। सांखला ने कहा कि प्रदेश में एक साल से विकास के काम ठप पड़े हैं। 10 महीनों से पंचायतों, पंचायत समितियों एवं जिला परिषद को बजट आवंटित नहीं हुआ है। हाल ही हुए राजस्थान राइजिंग में 30 लाख करोड़ के निवेश का केवल जुमला है, जैसे कोरोना में प्रधानमंत्री ने राजस्थान को 20 लाख करोड़ रुपए देने का कहा था।
सरकार ने मशीनरी का दुरुपयोग किया
उप चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन पर सांखला ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी तरफ से कोई कमी नहीं रखी, लेकिन सरकार ने मशीनरी का दुरुपयोग किया और जनता को बरगलाने का काम किया। उन्होंने पेपर लीक प्रकरण को लेकर कहा कि भजनलाल सरकार कोई में लड़ाई ही नहीं लड़ रही है। आरोपी अभ्यर्थी जमानत पर छूटकर नौकरी ज्वाइन कर रहे हैं। सरकार की कथनी व करनी में अंतर है। सरकार को एसआई भर्ती को रद्द करना चाहिए।