
नागौर. नगरपरिषद के नियमित एवं ठेका सफाई कर्मियों की चल रही हड़ताल तो टूटी, लेकिन मंगलवार को भी शहर के कई इलाकों में लगे गंदगी के ढेर नजर आए। बरसात के चलते यह गंदगी भी सडक़ों पर बिखकर परेशानी का सबब बनती रही। संत बलरामदास शास्त्री विद्यालय से सलेऊ रोड, व्यास कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी, किले की ढाल, तहसील चौक एवं दिल्ली दरवाजा के पास गंदगी के ढेर नजर आए। इसकी वजह से इन क्षेत्रों में हालात बेहद खराब रहे। सफाई की स्थिति तो यह रही प्रतापसागर तालाब पार्क से सलेऊ रोड जाने वाले रास्ते पर तीन दिनों से एक मृत सांड का शव पड़ा रहा। शाम तक यही स्थिति बनी रही। स्थानीय बाशिंदों के साथ इसकी दुर्गन्ध से राह गुजरते राहगीर भी परेशान रहे। गौरतलब है कि गत 25 जुलाई से ठेकाकर्मी, फिर विगत एक अगस्त से नियमित सफाई कर्मी हड़ताल पर चले गए थे। अब हड़ताल समाप्त हुई तो शहर के व्यवस्थित होने की उम्मीद नजर आई, लेकिन मंगलवार को शाम तक कई जगहों पर गंदगी की वजह से हालात हड़ताल सरीखे ही नजर आए।