संसद परिसर के मकर द्वार पर कांग्रेस सांसदों के प्रदर्शन के दौरान उस वक्त तीखी नोकझोंक देखने को मिली, जब केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू वहां से गुजर रहे थे। इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बिट्टू पर तंज कसते हुए उन्हें ‘गद्दार’ बताया और हाथ मिलाने की पेशकश करते हुए कहा, “हैलो भाई, मेरे गद्दार दोस्त… घबराओ मत, तुम वापस (कांग्रेस में) आ जाओगे।” वहीं, रवनीत सिंह बिट्टू ने हाथ मिलाने से इनकार करते हुए “देश के दुश्मन” कहकर पलटवार किया। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक तीखी बहस और शब्दों का आदान-प्रदान होता नजर आया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने तीखा पलटवार किया। बिट्टू ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा सिख समुदाय को निशाना बनाते रहे हैं और उसी सोच के तहत उन्होंने ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया।