भीलवाड़ा। शहर के विकास का दायरा करीब साढ़े पांच दशक बाद बदलने जा रहा है। 54 साल नगर परिषद रहने के बाद भीलवाड़ा अब नगर निगम में क्रमोन्नत हो गया। सभापति अब महापौर (मेयर) कहलाएंगे। प्रथम महापौर का शपथ समारोह इसी माह होगा। इसमें सीएम भजनलाल शर्मा आएंगे।
स्वायत्त शासन विभाग की ओर से सोमवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई। इसमें कहा कि तय मानकों में शिथिलन देते सरकार ने नगर परिषद (जिला-भीलवाड़ा) को नगर निगम में क्रमोन्नत किया है। अधिसूचना तुरन्त प्रभाव से लागू हो गई।
आजादी से पहले की नगर पालिका
जानकार बताते हैं कि भीलवाड़ा में नगर पालिका का गठन वर्ष 1938 में हुआ था। 32 साल बाद वर्ष 1970 में नगर परिषद का दर्जा मिला। पूर्व विधायक बंशीलाल पटवा 21 अक्टूबर 1972 को परिषद के पहले सभापति बने थे। अब भीलवाड़ा निगम के पहले महापौर राकेश पाठक होंगे।
निगम बनाने की पैरवी
इसी फरवरी में परिषद की बोर्ड बैठक में निगम बनाने का प्रस्ताव पास किया। इसे सरकार को भेजा। स्वायत्त विभाग ने कलक्टर से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी। सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी व सभापति राकेश पाठक ने जयपुर में पैरवी की। शहर की पांच लाख आबादी व औद्योगिक विकास भी निगम बनने का मुख्य आधार बना।
महापौर की बढ़ी वित्तीय ताकत
निगम बनने से कमिश्नर और महापौर के तौर पर वित्तीय एवं भू प्रबंधन की शक्ति बढ़ेगी। आयुक्त की 2 लाख की वित्तीय शक्ति अब 20 लाख होगी। सभापति को 50 लाख रुपए तक की शक्ति है, जो महापौर को 2 करोड़ रुपए की हो जाएगी। सरकार से ज्यादा अनुदान मिलेगा।
विकास को लगेंगे पंख
आयुक्त हेमाराम ने कहा कि अब विभागीय ढांचा बदलेगा। शहर में 70 से बढ़ 90 से अधिक वार्ड होंगे। प्रारूप सरकार के मार्गदर्शन के अनुरूप तय होगा। नए पद सृजित होंगे। टाउन प्लानर व अधीक्षण अभियंता मिलेगा। पैराफेरी के कई गांव शामिल हो जाएंगे। शहर का कुल क्षेत्र 69 किमी है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट मिलेगा।
……………
वस्त्रनगरी का गौरव बढ़ेगा
नगर निगम में क्रमोनयनवस्त्रनगरी के लिए गौरव की बात है। दर्जा बढ़ने से शहर की महत्ता बढ़ेगी। महानगर की राह पर चल रहा भीलवाड़ा विकास की नई राह खोलेगा। पार्षद, अधिकारी, विभिन्न संगठनों एवं जन सहयोग से शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करेंगे। जल्द महापौर का पदभार समारोह रखेंगे। इसमें मुख्यमंत्री विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
राकेश पाठक, महापौर, नगर निगम, भीलवाड़ा