भीलवाड़ा। फिट इंडिया मिशन के तहत जिला पुलिस प्रशासन की तरफ से 24 अगस्त रविवार को संडे ऑन फिटनेस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान फिटनेस की डोज आधा घंटा रोज के साथ साईक्लिंग होगी और योग, जुम्बा व रोप स्कीपिंग जैसी गतिविधियां भी होगी।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि रिजर्व पुलिस लाइन रविवार सुबह छह बजे योग सेशन, जुम्बा सेशन व रोप स्किपिंग (रस्सी कूद) का आयोजन रखा गया है। इसके बाद सुबह सात बजे सिटी कंट्रोल रूम से साइकिल रैली निकाली जाएगी। यह रैली सदर बाजार, गोलप्याउ चौराहा, सूचना केन्द्र, थाना भीमगंज, फतेह टॉवर, थाना कोतवाली, नगर निगम भीलवाडा, राजेन्द्र मार्ग स्कूल, मुरली विलास धर्मशाला होते हुए पुनः सिटी कंट्रोल रूम पहुंच कर संपन्न होगी।
उन्होंने कार्यक्रमों में समस्त पुलिस अधिकारी व कर्मचारीगण के अलावा साइक्लिंग क्लब, शैक्षणिक संस्थान के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, एनजीओ, मीडिया, फिटनेस समूह और कॉरपॉरेट्स, सीएलजी, ग्राम रक्षक, सुरक्षा सखी एवं प्रबुद्ध जन भी शामिल हो सकेंगे। उन्होंने प्रबुद्धजनोंएंव आमजन से मय साइकिल साइक्लिंग कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
पुलिस अधीक्षक यादव ने बताया कि खेल मंत्रालय भारत सरकार की पहल पर साईक्लिंग योग, जुंबा, रोप स्किपिंग कर आमजन को प्रतिदिन किसी भी प्रकार के व्यायाम से अच्छा स्वास्थ्य बनाये रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इच्छुक पुलिस कंट्रोल रूम भीलवाडा के फोन.नं. 01482232011 पर सम्पर्क कर सकते है।