
इंदौर. शहर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष गोलू अग्निहोत्री के घर और रिश्तेदार के यहां सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दबिश दी। यह छापामार कार्रवाई दिल्ली से आए 40 से 50 अफसरों की टीम ने की। इंदौर के अधिकारी इससे बेखबर थे। क्रिप्टो करंसी व डिब्बा कारोबारी अग्निहोत्री को एयरपोर्ट पर पकड़ा गया, वे दुबई जाने की तैयारी कर रहे थे।
मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर क्रिप्टो करंसी और डिब्बा कारोबार पर ईडी की खास नजर है। इस कारोबार में लिप्त अग्निहोत्री को एयरपोर्ट से पकड़कर ईडी की टीम सिरपुर पहुंची। घर की सर्चिंग के दौरान परिवार के किसी भी सदस्य को बाहर जाने की इजाजत नहीं दी गई। बताया गया कि यहां से कई दस्तावेज, इलेक्ट्राॅनिक साक्ष्य के साथ ज्वेलरी और लाखों रुपए नकद मिले। हालांकि देर शाम तक ईडी ने कार्रवाई की अधिकृत पुष्टि नहीं की है।
दुबई में भी है ऑफिस
ईडी की एक टीम टोरी कॉर्नर अग्निहोत्री के ससुराल भी पहुंची और क्रिप्टो करंसी, डब्बा कारोबार से संबंधित कारोबार की जानकारी ली। दस्तावेजों की सर्चिंग भी की गई। मालूम हो, एक साल पहले कांग्रेस नेता ईडी के निशाने पर तब आए, जब बड़ी राशि दुबई में लगाई। पैसा ट्रांसफर करने के बाद से ईडी की उन पर निगाह थी। दुबई के अलावा मुंबई, दिल्ली, भोपाल में भी अग्निहोत्री का कारोबार फैला हुआ है। बताया जा रहा है कि अग्निहोत्री के साथ उनके एक सहयोगी विपुल को भी ईडी ने पकड़ा है। उनसे पूछताछ की जा रही है।