16 सेकेंड के फुटेज में एसयूवी की टक्कर से हवा में उछल कर पेड से टकराता दिखा ऑटो
ग्वालियर। गांधी रोड के परशुराम चौराहा पर गुरुवार,-शुक्रवार रात ऑटो सवार पांच लोगों की जान लेने वाली एसयूवी काल बनकर सडक़ दौड़ रही थी। दहलाने वाले हादसे का 16 सेकेंड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। उसमें दिखा है गांधी रोड पर उस वक्त सन्नाटा था, ऑटो सामान्य रफ्तार में सडक़ पर चल रहा था। परशुराम चौराहा के पास पहुंचने वाला तब एसयूवी चालक अमन शर्मा बेहताशा रफ्तार में गाड़ी भगाता हुआ आया। उसने दूर से देख भी लिया होगा कि सडक़ पर आगे ऑटो एमपी 07 आरए 2284 जा रहा है फिर भी उसने ब्रेक नहीं लगाए और पीछे से आकर ऑटो में एसयूवी ठोंक दी।
2.5 फीट हवा में उछला ऑटो, सडक़ पर गिरी लाशें
फुटेज में साफ दिख रहा है अंधाधुंध रफ्तार एसयूवी की सीधी टक्कर ऑटो झेल नहीं पाया और करीब दो, ढाई फीट हवा में उछल कर सडक़ किनारे लगे नीम के पेड़ से टकरा गया। उसमें बैठे शुभम उर्फ लाली शाक्य (30) उसकी पत्नी शगुन (26) निवासी थाटीपुर, शुभम की सास प्रीति (60) निवासी अलीगढ, ताऊ इंद्रजीत उर्फ पप्पू शाक्य (55) ताई लीला पत्नी इंद्रजीत (52) निवासी घासमंडी मुरार की ऑटो के अंदर मौत हो गई ऑटो के हवा में उछलने से उनकी लाशें बाहर आकर सडक़ पर गिरकर गईं। शुभम का बेटा आरव (6) और प्रियांश (4) सहित इंद्रजीत की बेटी प्रीति (20) और आटो चालक राजेश जख्मी हालत में अंदर फंसे रह गए।
पीछे से आई डायल 112, भाग चुकी थी एसयूवी
ऑटो परिवार के पांच लोगों की जान लेकर भी अमन शर्मा ने गाड़ी नहीं रोकी जबकि उसने और गाड़ी में उसके साथ बैठे दोस्त अभिषेक निवासी गोरखपुर ने देख लिया था ऑटो में कई लोग बैठे थे। मौत का खेल खेलकर दोनों गाड़ी लेकर भाग गए। उनके निकलते ही पीछे से पडाव थाने की डायल 112 आती दिखी है।
घायल युवती की हालत स्थिर
थाटीपुर थाना टीआइ विपेन्द्र सिंह चौहान ने बताया, घायल प्रीति की हालत स्थिर है। रविवार को उसे जेएएच से खेडा़पति िस्थत निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। प्रीति के शरीर में कई जगह पर चोट हैं।