भीलवाड़ा। जिले में सूदखोरों के चंगुल में फंसकर जान देने की घटनाएं तेजी से बढ़ी है, लेकिन कोटड़ी उपखंड में एक घटना ने सबको चौंकाया। एक युवक ने लोगों के लाखों का उधार लेने के बावजूद रुपए नहीं लौटाने का आरोप लगाते खुदकुशी की कोशिश की। घटना से पहले उसने वीडियो बनाया और दो सरपंच समेत छह जनों पर आत्महत्या को मजबूर करने का आरोप लगाया। हालांकि युवक को चिकित्सकों ने बचा लिया।
अब फोन तक नहीं उठाते
कांकरोलिया माफी गांव में ट्रैक्टर ट्रॉली मालिक कैलाश नायक (35) ने बुधवार शाम खेत पर कीटनाशक पी लिया। उसने वीडियो बना वायरल किया। जानकारी पर परिजन व ग्रामीण खेत पहुंचे और अचेत कैलाश को एमजीएच में भर्ती कराया। वायरल वीडियो में कैलाश कह रहा है, दो सरपंच समेत कई जनों पर उसके लाखों बकाया है। तकाजे पर भी पैसा लौटा नहीं रहे। उसका फोन नहीं उठा रहे। कुछ लोगों को उसने उधार सामान दिलाया। बकाया नहीं दे रहे हैं।
दो सरपंच नहीं दे रहे रुपए
घटना की सूचना पर कोटड़ी पुलिस भीलवाड़ा पहुंची। कैलाश की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस को कैलाश ने बताया कि वह बजरी का ट्रैक्टर चलाता है। सरपंचों के गांव में रोड समेत विभिन्न निर्माण के दौरान वर्ष 2022 से बजरी, पत्थर डाल रहा है। निर्माण सामग्री का भुगतान एक भी सरपंच ने नहीं किया और टालमटोल कर रहे हैं।