भीलवाड़ा। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में बच्चों के लिए इस बार भी लड्डू जिला प्रशासन की तरफ से ही बंटेंगे। प्रभारी मंत्री डॉ. मंजू बाघमार के समक्ष जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन के इस बार स्कूली बच्चों को लड्डू नहीं देने का मामला उठाया। इसके बाद मंत्री ने जिला कलक्टर नमित मेहता से चर्चा की। पूर्व की भांति ही स्कूली बच्चों को जिला प्रशासन की तरफ से लड्डू बनवा कर स्कूल में भिजवाने को कहा। कलक्टर ने बुधवार रात संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाई। जिला रसद अधिकारी अमरेन्द्र मिश्र ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह की भांति जिला प्रशासन की तरफ से सभी स्कूली बच्चों के लिए इस बार भी लड्डू बनाए जाएंगे।
पत्रिका ने किया था खुलासा
राजस्थान पत्रिका ने 01 अगस्त 2024 के अंक में ‘ प्रशासन नहीं बांटेगा आजादी के लड्डू, स्कूल में ही बनेंगे’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इसमें बताया था कि इस बार प्रशासन की संबंधित एजेंसी लड्डू नहीं बनाएगी। लड्डू इस बार शिक्षा विभाग, शाला विकास एवं प्रबंध समिति के जरिए ही बनाकर स्कूलों में वितरित कराएगा। व्यवस्था बदले जाने पर अधिकांश शाला प्रधानों ने बजट का अभाव होना दबे सुर में विरोध जताया था। सरपंचों व पार्षदों ने भी जिला शिक्षा अधिकारियों के समक्ष रोष जताया।
यह थी अब तक की व्यवस्था
अब तक गणतंत्र एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह पर पुलिस लाइन में जिलास्तरीय समारोह में शामिल बच्चों को प्रशासन मिठाई बांटता रहा है। प्रत्येक बच्चे को पचास-पचास ग्राम के दो लड्डू दिए जाते हैं। लड्डू जिला प्रशासन की तरफ से रसद विभाग ही नगर परिषद व नगर विकास न्यास के सहयोग से बनाता आया है। प्रशासन ने इस गणतंत्र दिवस पर कुल 44 क्विंटल मिठाई बनवाई थी। 12 लाख 26 हजार रुपए का भुगतान परिषद ने किया था। स्वतंत्रता दिवस पर न्यास को यह लड्डू बनवाने थे, लेकिन प्रशासन ने व्यवस्था ही बदल दी।