
इंदौर. खजराना थाना क्षेत्र में युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में फरार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जोन-2 डीसीपी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया, टीआइ मनोज सेंधव की टीम ने फरियादी अमान पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी अफसर, शाहिद को आरई 2 रोड के पास से पकड़ा है। दोनों से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। दोनों को तलाशने में करीब 50 स्थान के सीसीटीवी कैमरे जांच में शामिल किए थे। जब टीम आरोपियों को पकड़ने पहुंची तो दोनों भागते हुए गिर गए। इसमें हाथ-पैर में चोट आई हैं। जिस हाथ से आरोपी ने चाकू मारा था वह भागते समय गिरने से टूट गया। टीआइ ने बताया कि जांच में सामने आया कि फरियादी का मेडिकल स्टोर है। उसे आरोपियों से पैसे लेने थे। वह पैसे मांगने गया तो आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों के पकड़ाने पर टीम दोनों को क्षेत्र में ले गई, जहां दोनों ने कान पकड़कर माफी मांगी।