अहमदाबाद शहर में सोमवार शाम को घने काले बादलों की गडगड़़ाहट और बिजली की चमक के साथ विविध क्षेत्रों में जोरदार बारिश हुई। नरोडा में दो घंटे में ही तीन इंच के करीब बारिश हो गई। तेज बारिश के कारण साबरमती नदी में बढ़े जलस्तर को नियंत्रण में करने के लिए वासणा बैरेज के चार दरवाजे खोलने पड़े।
शहर के नरोडा में शाम चार से छह बजे के बीच 73 मिलीमीटर (करीब तीन इंच) बारिश हुई। पूरे दिन में नरोडा क्षेत्र में 82 मिलीमीटर बारिश हो गई। इस अवधि में ओढव में 42 व पूरे दिन में 50 मिलीमीटर बारिश हुई। कोतरपुर में 42 मिलीमीटर, मणिनगर में 39, निकोल में 37, विराटनगर में 31, वटवा में 30, रखियाल, मेम्को में 23 मिलीमीटर, रामोल में 19, दाणापीठ 18 तथा चांदखड़ा में 11 मिलीमीटर बारिश हुई दर्ज की गई। बारिश के कारण नरोडा, ओढव तथा मणिनगर समेत कुछ हिस्सों में पानी भी भर गया।
वासणा बैरेज का जलस्तर शाम छह बजे 131 फीट से अधिक पहुंच गया। बारिश के कारण बढ़े जलस्तर को नियंत्रण में करने के लिए बैरेज के गेट नंबर 25, 26 तथा 28 को तीन-तीन फीट खोला गया, जबकि गेट नंबर 29 को दो फीट तक खोला गया।