– गुस्साए लोगों ने कार में तोड़फोड़ कर लापरवाह को पकड़ाइंदौर, एमजी रोड थाना क्षेत्र में शनिवार रात बेकाबू कार ने कई वाहनों को रौंदते हुए राहगीरों को टक्कर मार दी। घटना से गुस्साए लोगों ने लापरवाह कार चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर वे भाग निकले। इस पर लोगों ने कार में जमकर तोड़फोड़ कर दी। हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची और कार को जब्त की।जेल रोड से डॉलर मार्केट की ओर जा रही बेकाबू कर ने एक के बाद कई वाहनों को टक्कर मार दी। इसके बाद भी लापरवाह चालक ने कार नहीं रोकी। कार मार्ग पर पैदल चल रहे कई लोगों को टक्कर मारते आगे बढ़ने लगी। घायलों की चिल्लाने की आवाज सुन लोग मदद को आगे आए। पकड़ने के डर से कार में सवार युवक भागने लगा, जिसमें एक युवक को पकड़कर लोगों ने सबक सिखाया। गुस्साई भीड़ ने कार पर फावड़ा मार कांच फोड़ दिए। घायल युवती को लोगों ने हॉस्पिटल भेजा। बताया जा रहा कि दोपहिया वाहन चालक प्रशांत ने थाने पहुंचकर शिकायत की है। एमजी रोड टीआइ विजय सिंह सिसोदिया के मुताबिक, जेल रोड से डॉलर मार्केट की तरफ जा रही कार की टक्कर से 7 से 8 वाहनों में नुकसान हुआ है। दो लोग अस्पताल में भर्ती हैं। उनका उपचार जारी है। लापरवाह चालक के खिलाफ केस दर्ज कर रहे हैं।