प्रतापगढ़. प्रतापगढ़ पुलिस को 14 किलो 560 ग्राम स्मेक तस्करी के मामले में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे तस्करी के आरोपी कमलेश शर्मा को प्रतापगढ़ जिले से गिरफ्तार कर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो इंदौर की टीम को सूचित किया। जिस पर टीम आरोपी को लेने प्रतापगढ़ पहुंची। जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि 5 महीने पहले मध्य प्रदेश की नीमच पुलिस ने 14 किलो 560 ग्राम स्मेक के साथ के साथ एक आरोपी शाहरुख को गिरफ्तार किया था। इसके बाद प्रतापगढ़ के बगवास निवासी सिद्दीक को भी गिरफ्तार किया गया। बाद में यह केस नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो इंदौर की टीम के सुपुर्द किया गया था। इस मामले में मुख्य तस्कर प्रतापगढ़ जिले का रठांजना निवासी कमलेश शर्मा फरार चल रहा था। एसपी अमित कुमार के नेतृत्व में जिले में वांछित तस्करों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाने की टीम गश्त करते हुए साकरिया तिराहे पर पहुंची तभी गांव की ओर से बाइक पर एक व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया । पुलिस टीम में मौजूद कांस्टेबल नरेंद्र सिंह ने अधिकारियोंं को बताया कि यह कुख्यात तस्कर कमलेश शर्मा है। कमलेश शर्मा सामने पुलिस जीप को देखकर अपनी बाइक मोड़ कर भागने लगा। पुलिस जीप से पीछा कर उसको पकड़ लिया गया पूछताछ में उसने अपना नाम कमलेश शर्मा बताया। इस पर पुलिस टीम द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि कमलेश शर्मा बुधवार को अखेपुर गांव में हुई पुलिस पर फायरिंग के आरोपियों गुलनवाज और दिलीप मीणा का भी सहयोगी रहा है। फिलहाल प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो इंदौर की टीम को कमलेश शर्मा की गिरफ्तारी की सूचना दी गई। जिस पर टीम आरोपी को ले जाने इंदौर से प्रतापगढ़ पहुंची है।