बस्तर में नक्सलवाद की समस्या अब सिमट कर रह गई है। कोई अन्य बड़ी चुनौती इस इलाके में नहीं है। ऐसे में हमें लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव जीतने के लिए जुट जाना है। बस्तर में आमतौर पर पहले चरण में चुनाव होते आए हैं। इसलिए पार्टी कार्यकर्ता अपने आप को तैयार कर लें। यह कहना था केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का। अमित शाह गुरुवार को कोंडागांव के इंडोर ऑडिटोरियम में भाजपा की क्लस्टर बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस बैठक में बस्तर, कांकेर और महासमुंद के संगठन से जुड़े 120 पदाधिकारी ही मौजूद थे। शाह ने अपने 50 मिनट के संबोधन में सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता बढ़ाने के लिए टास्क देते कहा कि बिना पदाधिकारियों की मौजूदगी के वे स्वयं नए सदस्य बनाना आरंभ कर दें।
10-10 गांवों में जाकर सीधा संपर्क साधें
शाह ने कहा कि सभी पदाधिकारी लोकसभा क्षेत्र के दस-दस गांवों में पहुंचकर लोगों से सीधा संपर्क साधें व उन्हें केंद्र की योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभान्वित करें। इतना ही नहीं यदि कोई लाभ से वंचित है तो उसकी भी बात को गंभीरता से लें। इस दौरान उन्होंने महिला वोटर्स को साधने के लिए स्व सहायता समूहों पर फोकस करने के लिए भी निर्देशित किया।केंद्रीय गृह मंत्री ने बिना रुके 50 मिनट तक पदाधिकारियों को संबोधित किया। बैठक में सीएम विष्णुदेव साय, प्रदेश सह प्रभारी नवीन नितिन, प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, अजय चंद्राकर, केदार कश्यप, लता उसेंडी, मनोज मंडावी, दिनेश कश्यप, लच्छुराम कश्यप, बैदुराम समेत अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे
राजनीतिक मायने: जीत से कम कुछ भी मंजूर नहीं
शाह ने गुरुवार को बस्तर क्लस्टर बैठक में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया हैँ कि भाजपा आलाकमान बस्तर,कांकेर और महासमुंद तीनों लोकसभा सीटें जीतने के लिए संकल्पित है। इन तीन सीटों में से बस्तर ही एकमात्र ऐसी सीट है, जो कांग्रेस क़े कब्जे में हैँ। शेष दो लोस सीटों पर भाजपा का कब्जा जरूर हैँ लेकिन विधानसभा चुनाव क़े नतीजों नें भाजपा को चिंतित कर दिया हैँ। कांकेर लोस की 8 में से 5 कांग्रेस क़े पास और 3 में भाजपा काबिज है। वहीं महासमुंद लोस की 4-4 विस सीटों पर भाजपा-कांग्रेस बराबरी पर है। भाजपा क़े रणनीतिकार इस बात को बखूबी जानते है कि इन सीटों को जीतने के लिए कड़ी मेहनत और कुशल रणनीति की जरूरत हैँ। इसलिए शाह ने प्रदेश में सबसे पहले बस्तर क्लस्टर की बैठक लेकर सभी को कड़ा संदेश दिया है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने जांजगीर में विजय संकल्प शंखनाद रैली को भी संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी पत्थर की लकीर है, हम उसे हर हाल में पूरा करेंगे।