शहडोल. नशा निरोधक दिवस पर महिलाओं ने निकाली जागरूकता रैली। अखिल भारत वर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद पारसनाथ शाखा शहडोल एवं दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में 26 जून को अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर नशा विरोधी नारों से युक्त पोस्टर, लेकर व रैली के माध्यम से नशे से होने वाली हानियों के प्रति लोगों को जागरुक किया गया। नशा निरोधक पर एक संगोष्ठी आयोजित की गई जिसमें ईभा जैन ने कहा कि हमें विद्यालयों में संस्कार युक्त शिक्षा देनी चाहिए। विद्यालयों को केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए । कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों को भी समझाना आवश्यक है। साधना जैन ने कहा कि आजकल युवा वर्ग में नशे की लत बहुत ज्यादा बढ़ रहा है। शुरू में बच्चे शौक-शौक में नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं लेकिन बाद में आदी हो जाते हैं। नशे के कारोबारी स्कूलों के पास घूम कर बच्चों को पहले अपने जाल में फंसाते है और निशुल्क नशीले पदार्थ का सेवन कराते हैं और जब बच्चे नशे का आदी हो जाते हैं तो उनसे मोटी रकम वसूलते हैं। अंजू लता जैन ने कहा कि बच्चों के पास जब नशे के लिए पैसे नहीं होते तो वह अपने घरों में चोरी तक करने लगते हैं। इस अवसर पर डॉली जैन, सविता जैन, दीपा जैन,पूजा जैन, ईभा जैन, राधा जैन, शर्मिला जैन, ममता जैन, साधना जैन, अनीता जैन, आदिति जैन, शैलेश जैन, धीरज जैन, संजय जैन, के के जैन, डॉक्टर शिव जैन, शुभांशु जैन एवं जैन समाज के अन्य लोगों ने सहभागिता निभाई।