17 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीधी
प्रेम प्रसंग की बलि चढ़ी युवती, कटनी में फांसी लगाकर की आत्महत्या
Play video

प्रेम प्रसंग की बलि चढ़ी युवती, कटनी में फांसी लगाकर की आत्महत्या

साल भर पहले गांव से भाग कर गया था युगल जोड़ा, कटनी में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे

Google source verification

सीधी। जिले के मझौली थाना क्षेत्र की एक युवती प्रेम प्रसंग की बलि चढ़ गई। एक साल पहले युवक और युवती जिले से भाग कर कटनी चले गए थे। वहीं युवक सब्जी का व्यापार करने लगा था। परिजनों के अनुसार युवती गर्भवती हो गई थी, और विगत दिनों उसने कटनी में ही किराये के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती के आत्महत्या करने के बाद युवक वहां से भाग गया। कटनी पुलिस ने युवक और युवती के घरवालों को इसकी सूचना दी। दोनो के परिजन कटनी पहुंचे, लेकिन युवती के परिजनों ने युवती का शव लेने से इंकार कर दिया। युवक परिजन युवती का शव लेकर घर पहुंचे तो युवती के परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। युवक पर कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार की शाम सीधी-टिकरी मार्ग में चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे की समझाइस के बाद चक्काजाम समाप्त किया गया। गुरूवार को पुलिस की उपस्थिति में युवती का अंतिम संस्कार युवक के परिजनों द्वारा किया गया।

पुलिस के अनुसार जमोड़ी थानांतर्गत बरमबाबा के तिलमानी टोला निवासी दिलीप पिता शोभनाथ गोस्वामी (21) का पुलिस चौकी मड़वास अंतर्गत बड़ेरा भगोहर निवासी कौशिल्या पिता राजभान सिंह गोंड़ (23) के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। कौशिल्या अपनी रिस्तेदारी में बरमबाबा आती थी, जहां दिलीप से उसकी पहचान हुई थी। करीब एक साल पहले दोनो यहां से भाग गए थे और कटनी में पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे। अंतरजातीय प्रेम होने के कारण कौशिल्या के परिजन उससे कोई नाता नहीं रख रहे थे। लेकिन युवक के परिजनों की उससे बातचीत होती थी। लेकिन साल भर से वह लौटकर नहीं आए थे। पुलिस के अनुसार युवती गर्भवती हो गई थी, युवक ने उसका स्वास्थ परीक्षण भी कटनी अस्पताल में करवाया था। लेकिन दोनो के बीच पता नहीं क्या हुआ, बीते दिनों युवती ने अपने किराये के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद युवक वहां से फरार हो गया। कटनी कोतवाली पुलिस ने युवती एवं युवक के गृह क्षेत्र का पता लगाने के बाद स्थानीय पुलिस की सहायता से परिजनों का पता लगाया और उन्हें सूचना दी। बुधवार 21 अगस्त को दोनो के परिजन कटनी पहुंचे लेकिन युवती के परिजनों ने शव लेने से इंकार कर दिया। इसके बाद युवक के परिजन शव ले जाकर अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए। बुधवार की शाम युवक के परिजन शव लेकर बरमबाबा पहुंचे। जहां एकत्रित युवती के परिजनों व रिस्तेदारों ने युवक पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करते हुए शाम 7 बजे सीधी-टिकरी मार्ग में चक्काजाम शुरू कर दिया।

चार थानों की पहुंची पुलिस-
अंतरजातीय प्रेम प्रसंग में युवती के मौत का मामला होने से पुलिस पहले से ही सतर्क थी। जब युवती के परिजनों ने बरमबाबा में चक्काजाम शुरू कर दिया तो सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सिटी कोतवाली, जमोड़ी थाना, पुलिस चौकी मड़वास व थाना मझौली का बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा युवती के परिजनों को समझाइस दी गई तब कहीं जाकर एक घंटे बाद चक्काजाम आंदोलन समाप्त हुआ।

रात भर तैनात रही पुलिस-
बरमबाबा में रात युवक के घर में ही रात भर युवती का शव रखा रहा। इस दौरान कहीं विवाद की स्थिति न हो इसलिए पुलिस अधीक्षक द्वारा रात भर वहां पुलिस बल तैनात किया गया था। गुरूवार की सुबह पुलिस की उपस्थिति में युवती का अंतिम संस्कार किया गया।

वर्जन-
कटनी पुलिस कर रही कार्रवाई-

युवती के परिजनों द्वारा हंगामा किया जा रहा था। इसलिए पुलिस की सुरक्षा में युवती का अंतिम संस्कार कराया गया। युवती के परिजनों को समझाइस दी गई कि कटनी पुलिस मामले की जांच कर रही है, उन्हीं के द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। समझाइस पर परिजन मान गए थे। मामले में कटनी पुलिस द्वारा जांच कार्रवाई की जा रही है।
विशाल शर्मा, थाना प्रभारी जमोड़ी