
सीधी। ऑटो से बैट्री चोरी के शक में युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर सडक़ में फेंक दिया गया। अचेत अवस्था में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर रीवा के लिए रेफर कर दिया। रीवा ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूटा और शहर के मुख्य मार्ग में चक्काजाम कर दिया गया। करीब दो घंटे तक चक्काजाम के बाद पुलिस व राजस्व अधिकारियों की समझाइस के बाद परिजन माने और चक्काजाम समाप्त हुआ। पुलिस सुरक्षा के बीच युवक का अंतिम संस्कार किया गया।
शहर के वार्ड क्रमांक-8 अंधियार खोह निवासी नंदलाल कोरी के 22 वर्षीय इकलौता पुत्र आशीष कोरीबुधवार की सुबह शहर के वार्ड क्रमांक-10 दक्षिण करौंदिया मुहल्ले में अचेत अवस्था में मिला था। उसके शरीर में काफी चोंट के निशान थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस द्वारा उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी गई। दोपहर करीब 1 बजे परिजन अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए रीवा के लिए रेफर कर दिया। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर रीवा के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। रीवा अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को रात हो जाने के कारण मृतक पीएम नहीं हो पाया था, इसलिए गुरूवार की सुबह पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंपा गया। गुरूवार की दोपहर शव लेकर परिजन सीधी के लिए रवाना हुए।
शव पहुंचने के पहले ही शुरू कर दिया गया चक्काजाम-
युवक के मौत की सूचना परिजनों को गुरूवार की सुबह दी गई। इसके बाद मृतक के घर में रिस्तेदार व मुहल्ले के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इकलौत पुत्र की मौत से परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। दोपहर करीब 1 बजे घर के सामने शहर के मुख्य मार्ग पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और चक्का जाम शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी बल के साथ मौके पर पहुंच गए। परिजनों की मांग थी की हत्या करने वाले आरोपी की तत्काल पहचान करते हुए गिरफ्तार किया जाए। मौके पर उपस्थित पुलिस व राजस्व अधिकारी समझाइस देते रहे, लेकिन परिजन नहीं मान रहे थे। समझाइस का दौर चलता रहा। अपरान्ह करीब 3 बजे जब युवक शव पहुंचा तो परिजन मान गए और चक्काजाम समाप्त किया।
बेरहमी के साथ की गई थी मारपीट, टूट गए थे हाथ-पैर-
युवक के साथ एक मोटे डंडे से बेरहमी के साथ मारपीट की गई थी। मारपीट करते समय का एक वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा है। वीडियो घटना स्थल पर ही एक स्थानीय निवासी द्वारा रात करीब डेढ़ बजे बनाया गया था। जिसका बयान पुलिस ने दर्ज कर लिया है। वीडियो बनाने वाले युवक ने मारपीट करने से मना भी किया था, लेकिन वह नहीं माना, कह रहा था यह ऑटो की बैट्री चुरा रहा था। मृतक के पिता के अनुसार उसके साथ इतनी बेरहमी से मारपीट की गई थी कि उसके हाथ पैर टूट गए थे, साथ ही पूरे शरीर में गंभीर चोंट के निशान थे।
चक्काजाम के दौरान डायवर्ट किया गया रूट-
शहर के मुख्य मार्ग अधियारखोह में शासकीय शराब की दुकान के पास मृतक के परिजनों द्वारा चक्काजाम किया गया था। यह शहर का मुख्य प्रवेश मार्ग है। मार्ग के दोनों लैन को बंद कर दिये जाने से मौके पर उपस्थित पुलिस द्वारा आवागमन के लिए नवीन बस स्टैंड प्रवेश मार्ग एवं टाटा कॉलेज प्रियदर्शिनी मार्ग से रूट डायवर्ट कर दिया गया, जिससे वाहनों के आवागमन को लेकर खास परेशानी नहीं हुई।
नपा द्वारा दी गई अत्येष्टि सहायता राशि-
आशीष कोरी की मौत के मामले में नगर पालिका परिषद सीधी द्वारा मृतक की मां रामकीली कोरी को 5 हजार रुपये की अंत्येष्टि सहायता राशि प्रदान की गई है।
वर्जन-
आशीष कोरी की मौत के मामले में पहले मारपीट का अपराध दर्ज किया गया था। अब हत्या व एसटी एससी एक्ट के तहत अपराध दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। मारपीट का एक वीडियो भी मिला है, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान करते हुए उसे हिरासत में लेकर पूछतांछ की जा रही है।
विशाल शर्मा, थाना प्रभारी जमोड़ी