सीधी। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेेंद्र शुक्ला द्वारा शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना कर सीधी-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर गोपद नदी में नवनिर्मित 2 लेन पुल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर शुक्ल ने कहा, सीधी-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग-39 इस क्षेत्र के आर्थिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। गोपद नदी में पुल के शुभारंभ से आवागमन सुगम होगा, लोगो के समय की बचत होगी तथा आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। कहा, विंध्य क्षेत्र के जिले आर्थिक क्षेत्र में गहरा जुड़ाव रखते हैं तथा एक-दूसरे के पूरक के रूप में कार्य करते हैं। सिंगरौली से प्रचुर मात्रा में फ्लाई ऐश का परिवहन रीवा तथा सतना की सीमेंट फैक्ट्री में होता है। इस पुल के निर्माण के पूर्व कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, अब आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
सीधी-सिंगरौली एनएच-39 के 4 लेन का निर्माण कार्य प्राथमिकता में-
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा, किसी भी क्षेत्र में रोड एवं रेल कनेक्टिविटी सुदृढ़ होने से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। सीधी-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग-39 के 4 लेन का निर्माण कार्य प्राथमिकता पर पूर्ण कराया जाएगा, जिसका लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा किया जायेगा। इसके साथ ही रीवा-सीधी के बीच 4 लेन कार्य का भूमिपूजन भी किया जाएगा, जिससे झांसी से रांची तक निर्बाध 4-लेन कनेक्टिविटी होगी, जो क्षेत्र के विकास में सहायक होगी।
जून-2025 तक सीधी में रेल पहुंचाने का लक्ष्य–
उप मुख्यमंत्री ने कहा, रीवा-सीधी-सिंगरौली रेलवे लाइन की भी नियमित समीक्षा की जा रही है। इसके निर्माण कार्य में भी शीघ्र गति आएगी। माह जून-2025 तक सीधी तक रेल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित है, इसी कार्य योजना अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
विंध्य क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं-
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा, विंध्य क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं। विंध्य क्षेत्र प्राकृतिक रूप से समृद्ध है तथा यहां प्रचुर मात्रा में खनिज संपदा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में 23 अक्टूबर को रीजनल इंडस्ट्री कॉनक्लेव आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के कई प्रमुख कंपनियों द्वारा सहभागिता की जाएगी, जिससे विंध्य क्षेत्र में औद्योगिक क्रांति होगी तथा विकास को गति मिलेगी।
क्षेत्र के विकास के लिए जीवन रेखा है यह मार्ग-
सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने कहा, सीधी-सिंगरौली के बीच 4 लेन निर्माण का कार्य वर्ष भर के भीतर पूर्ण कराने का प्रयास करेंगे। विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक ने कहा, क्षेत्र के विकास के लिए यह मार्ग जीवन रेखा है। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह, विधायक सीधी रीती पाठक, विधायक सिंगरौली रामनिवास शाह, विधायक देवसर राजेंद्र मेश्राम, जिपं अध्यक्ष सीधी मंजू सिंह, ननि सिंगरौली के अध्यक्ष देवेश पांडेय, जपं अध्यक्ष देवसर प्रणव पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष सीधी देव कुमार सिंह चौहान, सिंगरौली राम सुमिरन गुप्ता सहित कलेक्टर सीधी स्वरोचिष सोमवंशी, कलेक्टर सिंगरौली चंद्रशेखर शुक्ला, एसपी सीधी डॉ.रविंद्र वर्मा, सिंगरौली निवेदिता गुप्ता सहित प्रशासनिक तथा एमपीआरडीसी के अधिकारीगण उपस्थित रहे।