
सीधी। संसद भवन में गृह मंत्री अमित शाह के द्वारा संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर द्वारा की गई टिप्पणी के विरोध में सपा द्वारा सोमवार को शहर के अंबेडकर चौक में मौन सत्याग्रह आंदोलन किया गया।
मौन सत्याग्रह आंदोलन के बाद सपा के पदाधिकारियों ने कहा, गृह मंत्री अमित शाह ने बाबा साहब अंबेडकर के बारे में जिस तरह से टिप्पणी की गई है, वह निंदनीय है। संवैधानिक पद पर बैठे हुए जिम्मेदार व्यक्ति ही महापुरुषों का अपमान करेंगे तो जनता के बीच क्या संदेश जाएगा। महापुरुषों एवं क्रांतिकारियों जिन्होंने देश के प्रति अपना सर्वस्त्र न्योछावर कर दिए, ऐसे महापुरुषों का हमें सम्मान करना चाहिए। गृहमंत्री अमित शाह के विरोध में समाजवादी पार्टी जिला इकाई सीधी के द्वारा मौन सत्याग्रह आंदोलन सोमवार को अपरान्ह 3 से 4 बजे तक कलेक्ट्रेट तिराहे में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा के समक्ष किया गया। इसके पश्चात बढ़ती हुई महंगाई, किसानों, नौजवानों, महिलाओं की जन समस्याओं को लेकर तहसीलदार के हाथों राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
यह आंदोलन प्रदेश महासचिव रीवा संभाग प्रभारी रामप्रताप सिंह यादव, सिंगरौली जिले के प्रभारी प्रदेश सचिव श्रवण कुमार विश्वकर्मा, सह प्रभारी प्रदेश सचिव धर्मेंद्र सिंह बघेल, पूर्व जिलाध्यक्ष रामराज यादव, जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह पटेल, शहर अध्यक्ष समर बहादुर सिंह के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।