
सीधी। शहर के गांधी चौक स्थित पार्किंग स्थल में गुरूवार की सुबह युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित सत्याग्रह आंदोलन का कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चुरहट विधायक अजय सिंह ने शुभारंभ किया। युवा कांग्रेस के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने नर्सिंग महाघोटाले को लेकर सरकार के खिलाफ सत्याग्रह कर विरोध प्रदर्शन किया। सत्याग्रह में अपना समर्थन देने बड़ी संख्या में युवा और छात्र सम्मिलित हुए।
लगातार 24 घंटे चलने वाले इस सत्याग्रह की शुरुआत चुरहट विधायक ने युवाओं के बीच जाकर की। अजय सिंह ने कहा, भाजपा सरकार चाहे केंद्र की हो या प्रदेश की, युवाओं के भविष्य को चौपट कर रही है, जो हम होने नही देंगे। कहा, पूरे प्रदेश में नर्सिंग छात्रों की लड़ाई जारी है। जिस तरह से युवाओं का भविष्य इस भाजपा सरकार ने बर्बाद किया है, युवाओं के भविष्य को अंधकार की ओर धकेला है, उससे नर्सिंग के छात्र-छात्राओं में भाजपा के खिलाफ आक्रोश है।
हम निर्णाय लड़ाई के लिए तैयार: मितेंद्र
युवा कांग्रेस कमेटी प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह ने कहा, युवाओं के लिए हम निर्णायक लड़ाई के लिए तैयार हैं। भाजपा फैसला करे वो नर्सिंग छात्रो के साथ है या प्रदेश के शिक्षा माफियाओं के साथ। भाजपा सरकार युवाओं पर अत्याचार कर उनके हक और अधिकारों का हनन कर रही है। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली हो रही है और शिक्षा माफियाओं को संरक्षित किया जा रहा है। देश और प्रदेश की सरकार युवाओं के भविष्य का दोहन करने पर आमादा है।
युवाओं का भविष्य शिक्षा माफियाओं की तिजोरी में: देवेंद्र
युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह दादू ने कहा, युवाओं का भविष्य शिक्षा माफियाओं कि तिजोरी में बंद है। भाजपा राज में नर्सिंग महाघोटाला हुआ है, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद हो गया है। इसका असर छात्रों के भविष्य के साथ-साथ उनके पूरे परिवार पर पड़ा है। हम इसकी लड़ाई सदन से लेकर सडक़ तक लड़ेगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस तथा विभिन्न अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के साथ छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।