5 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

खास खबर
केन्द्रीय मंत्री के विरोध का मामला थाने तक पहुंचा
Play video

केन्द्रीय मंत्री के विरोध का मामला थाने तक पहुंचा

- पुलिस कार्रवाई के विरोध में चामू थाने के सामने धरने पर बैठे समर्थक
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जोधपुर

•

image

Nandkishor Sharma

•

Updated: 9 Mar 2024, 12:27 AM IST

जोधपुर/चामू. केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत का विरोध करने का मामला इतना गर्मा गया कि यह पुलिस स्टेशन तक जा पहुंचा। जोधपुर ग्रामीण के चामू थानान्तर्गत भालू उदयनगर में कार्यक्रम के दौरान विरोध, राजकार्य में बाधा डालने व पथराव करने का आरोप लगाकर पुलिस ने खुद की तरफ से 11 नामजद व अन्य के खिलाफ एफआइआर दर्ज की। आधी रात पुलिस ने विरोध करने वाले छह-सात जनों को घर से पकड़ा तो शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़ व पुलिस अधिकारियों में तीखी नोंक-झोंक भी हुई। कार्रवाई के विरोध में विधायक के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गांव में रैली निकाली और थाने के बाहर शुक्रवार दोपहर धरना भी दिया।

दरअसल, भालू उदयनगर में गुरुवार शाम 7.30 बजे एनीकट के उदघाटन कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शामिल हुए थे। ग्रामीणों ने नारेबाजी व विरोध शुरू कर दिया था। पुलिस का आरोप है कि मंच के पीछे टेंट से कुछ पत्थर फेंके गए थे। इससे पुलिसकर्मी चोटिल हो गए थे। पुलिस ने समझाइश की, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस से धक्का मुक्की की। थानाधिकारी ओमप्रकाश की ओर से आइपालसिंह, नाथूसिंह, मघसिंह गड़ा, हरिसिंह, उम्मेदसिंह, मनोहरसिंह, चंदनसिंह, रामसिंह, उगमसिंह, नक्ताराम, चंदू प्रजापत व अन्य के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने व धक्का-मुक्की व पत्थर फेंकने का मामला दर्ज कराया।


आधी रात घरों से पकड़ा, विधायक से नोंकझोंक
एफआइआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए आधी रात कई मकानों में तलाशी ली। इस दौरान छह-सात जनों को पकड़कर थाने ले जाने लगे। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। विधायक बाबूसिंह मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का विरोध किया। तब विधायक व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सिहाग में नोंक-झोंक हो गई। विधायक ने बगैर नोटिस व सूचना के कार्रवाई पर ऐतराज जताया। तब पुलिस उन्हें थाने आने का बोलकर निकल गई।

थाने के सामने धरना, रैली व विरोध
विधायक बाबूसिंह के नेतृत्व में ग्रामीण सुबह थाने के सामने एकत्रित हुए। थाने के सामने शामियाना लगाकर धरना शुरू कर दिया गया। धरनास्थल पर केन्द्रीय मंत्री के प्रति नाराजगी व विरोध जताया गया। उन्होंने किसी तरह के पथराव से इनकार किया। समझाइश के बाद दोपहर दो बजे तक धरना समाप्त किया गया। विधायक ने इस संबंध में मुख्यमंत्री से मिलने की बात कही।

पुलिस अधीक्षक का कहना है…
‘कार्यक्रम के दौरान राजकार्य में बाधा डालने व पत्थर फेंकने के संबंध में एफआइआर दर्ज की गई है। छह-सात जनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। अभी कोई गिरफ्तार नहीं है। वीडियोग्राफी से जांच की जा रही है।’
-धर्मेन्द्रसिंह, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जोधपुर

बोले केन्द्रीय मंत्री
‘भारतीय जनता पार्टी एक परिवार है। हम सभी एक ही परिवार के सदस्य है। परिवार के बीच में अगर कोई कोई विषय है तो उसे हम सभी मिल बैठकर समाप्त करेंगे’।
-गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री, भारत सरकार

मुख्यमंत्री का फोन, जयपुर रवाना हुए विधायक
जिन्होंने गलत किया, उन पर पुलिस की कार्रवाई हो तो ठीक है, लेकिन जो वहां मौजूद नहीं थे, उनको भी पुलिस ने पकड़ लिया। महिलाओं को परेशान किया। महिला पुलिस भी साथ नहीं थी। कार्यकर्ताओं में रोष था तो मुझे कार्यकर्ताओं के साथ जाना ही था। मुख्यमंत्री का फोन आया था, इसलिए मैं जयपुर के लिए निकल गया हूं। शनिवार सुबह उनसे मुलाकात होगी।
-बाबूसिंह राठौड़, विधायक, शेरगढ़