24 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

श्री गंगानगर
अब फिर ड्रिल मशीन का खड़का, फिर सड़क खुदाई
Play video

अब फिर ड्रिल मशीन का खड़का, फिर सड़क खुदाई

Now again the sound of the drill machine, then digging the road- दो साल पहले पूरा होना था सीवर लाइन बिछाने का काम, अब तीन माह की समय अवधि बढ़ाई
Google source verification

श्रीगंगानगर. इलाके में वाटर लाइन और सीवर लाइन बिछाने का काम पांच साल पूरा होने के बावजूद अब तक अधूरा है। कैलेंडर में साल बदल गया लेकिन आरयूआइडीपी की चाल नहीं बदली है। वर्ष 2017 से शुरू हुआ यह काम 2020 तक पूरा होना था लेकिन 2022 गुजरने के बावजूद अधूरा है। आरयूआइडीपी को अभी 60 किमी वाटर लाइन और 45 किमी सीवर लाइन बिछाने का काम करना है, इसके लिए अगले तीन माह की समय अवधि दी गई है। आरयूआइडीपी का दावा है कि पूरे शहर में पेयजल आपूर्ति चौबीस घंटे करने का काम 31 मार्च तक पूरा कर दिया जाएगा लेकिन अभी तक महज छह एरिया में ही काम पूरा हो पाया है। ग्यारह एरिया में यह काम अंतिम चरण में है जबकि शेष 22 एरिया में पाइप लाइनों का मिलान तक नहीं हो पाया है। आरयूआइडी ने शहर में 450 किलोमीटर वाटर लाइन बिछाने का काम शुरू किया था जबकि अब तक यह काम 390 किमी तक पूरा हो पाया है।
वहीं सीवर लाइन बिछाने के लिए 320 किमी का लक्ष्य रखा गया जबकि अब तक यह काम 275 किमी तक पूरा हो पाया है। आरयूआइडीपी ने छह जनवरी 2017 को शहर में सीवर लाइन और पेजयल पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू किया था, इसकी समय अवधि मार्च 2020 तक तय की गई थी लेकिन कोरोनाकाल बताकर इसकी समय अवधि वर्ष 2022 तक की इसके बावजूद यह काम पूरा नहीं किया। पिछले साल जुलाई में आई भारी बरसात के कारण आरयूआइडीपी की ओर से सडक़ों करवाया गया सड़कों का काम पानी में बह गया। अब राज्य सरकार ने आरयूआइडीपी को 31 मार्च 2023 डेडलाइन दी है। ऐसे में अगले तीन माह में आरयूआइडीपी ने ठेका कंपनी एलएंडटी के माध्यम से शहर में वाटर लाइन और सीवर लाइन की प्रक्रिया को पूरा करने के साथ साथ जलापूर्ति शुरू करने की प्रक्रिया पर फोकस किया है।
पुरानी आबादी क्षेत्र में 22 वार्ड है। इस एरिया में सीवर लाइन का काम अब तक शुरू नहीं हो पाया है। आरयूआइडीपी अधिकारियों का कहना है कि जब तक पुरानी आबादी में एसटीपी का निर्माण नहीं होता तब तक पाइप लाइन बिछाई नहीं जा सकती। इस कारण पुरानी आबादी के 22 वार्डो में सीवर लाइन के लिए आगामी आदेश का इंतजार करना पड़ेगा। ज्ञात रहे कि वार्ड आठ में नगर विकास न्यास प्रशासन ने करीब दस साल पहले शहर में तीसरा एसटीपी का निर्माण शुरू करने के लिए वहां प्रक्रिया शुरू की थी। कचरा प्वाइंट की जगह को साफ कर वहां एसटीपी का प्रोजेक्ट का खाका भी तैयार किया। इसके लिए वहां अतिक्रमण कर मकान बनाने वाले कब्जाधारकों को खदेड़ा भी गया था लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया। यह एसटीपी बना होता तो आरयूआइडीपी की पुरानी आबादी एरिया में सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू कर देती।
बाजार एरिया और सिविल लाइंस एरिया में वाटर लाइन बिछाने का काम पिछले साल शुरू किया गया था, आनन-फानन में सड़क का जीर्णोद्धार भी किया गया लेकिन जुलाई में आई भारी बरसात के कारण इस एरिया की अधिकांश सड़कें धंस गई थी। जब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का दौरा हुआ तब आरयूआइडीपी और पीडब्ल्यूडी अफसरों ने देर रात तक कलक्ट्रेट से लेकर भगत सिंह चौक तक की सड़क की फिर से मरम्मत की गई लेकिन मुख्यमंत्री का दौरा अम्बेडकर कॉलेज परिसर तक होने के कारण इस रोड का दुबारा निर्माण को बीच में छोड़ दिया।
जिला मुख्यालय पर पेयजल और सीवर पाइप लाइन बिछाने के नाम पर सड़कों की खुदाई का दौर अब तक नहीं थमा है। तीन माह पहले जवाहर नगर क्षेत्र में पेयजल पाइप लाइन का मिलान करने के लिए खुदाई की गई थी, तब दस दिन में दुबारा सड़क बनाने का आश्वासन दिया गया लेकिन आरयूआइडीपी के अधिकारियों और ठेका कंपनी एलएंडटी ने इसे भुला दिया। अब जवाहरनगर इलाके में कारीगरों ने ड्रील मशीन से पक्की पुलियों और सड़क की खुदाई काम शुरू कर दिया। ड्रिल मशीनों के शोर से पूरे दिन लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। सेक्टर सात और आठ की साझा मुख्य रोड पिछले एक साल से सीवर और पेयजल पाइप लाइन डालने की प्रयोगशाला बनी हुई है। इसी तरह जवाहरनगर सेक्टर तीन में पाइप लाइन डालने के बाद सड़क का जीर्णोद्धार नहीं हो पाया है। इधर, विधायक राजकुमार गौड़ के आवास क्षेत्र वाली वृदांवन विहार कॉलोनी के आगे गगन पथ पर सीवर लाइन बिछाने के बाद बनाई गई सड़क भी धंसने लगी है।
इस बीच, आरयूआईडीपी के एसई केके अग्रवाल ने बताया कि शहर में वाटर लाइन और सीवर लाइन का काम अब अंतिम चरण में है। वाटर लाइन जहां जहां बिछाई जा चुकी है, वहां लोगों से पानी कनेक्शन करवाने की प्रक्रिया चल रही है ताकि चौबीस घंटे जलापूर्ति मिल सके। इसके अलावा सीवर लाइन की जहां अड़चन है वहां दूर करने के लिए ठेका कंपनी एलएंडटी कंपनी के माध्यम से ठीक की जा रही है।

बड़ी खबरें

View All

श्री गंगानगर

राजस्थान न्यूज़