उज्जैन. राजपूत आध्यात्मिक मंडल उज्जयिनी का 24वां श्री रामचरित मानस वार्षिक पारायण समारोह शनिवार को अखंड रामायण पारायण के साथ शुरू हुआ।
मंडल के वरिष्ठ संचालक सदस्य अंगदसिंह भदौरिया राजेशसिंह कुशवाह, राजेशसिंह भदौरिया ने बताया कि समाज में श्री रामचरित मानस के पाठ का यह प्रकल्प 24 वर्ष पूर्ण करने पर 2 दिनी वार्षिक परायण समारोह 21- 22 जनवरी को हो रहा है। आज सुबह श्रीरामचरित मानस के अखंड पाठ का शुभारंभ श्री मायापति हनुमान मंदिर सामाजिक न्याय परिसर आगर रोड उज्जैन पर शास्त्रोक्त विधि विधान से किया गया। शुभारंभ मनीषदास महाराज महंत ददरौआ आश्रम उज्जैन की पावन उपस्थिति में समाजसेवी सुरेंद्रसिंह तोमर व भानुप्रतापसिंह भदौरिया ने किया। प्रथम दिवस रंगोली स्पर्धा हुई। 22 जनवरी रविवार को मानस के अखंड पाठ पूर्ण होने पर विश्व कल्याण हेतु 108 जोड़े पंचकुंडीय श्रीराम यज्ञ में मानस की चौपाइयों पर आहुतियां देंगे। महंत राजेश्वरदास महाराज, श्रीधाम वृंदावन उपस्थित जनसमुदाय को आशीर्वचन देंगे। समारोह में सदस्य मप्र लोकसेवा आयोग डॉ. रमनसिंह सिकरवार, राजपूत समाज के नवनिर्वाचित पार्षद विजयसिंह कुशवाह, संग्रामसिंह भाटी व आइशा सेंगर तथा समाज के वरिष्ठ समाजसेवियों का अभिनंदन किया जाएगा। साथ ही 2021-22 की हाईस्कूल, हासे व विवि परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले नगर के मेधावियों को पुरस्कृत किया जाएगा। आध्यात्म, क्रीड़ा, संस्कृति, प्रौद्योगिकी, विज्ञान, साहित्य, प्रशासनिक, पत्रकारिता में वर्ष 2021-22 में राष्ट्रीय अथवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट उपलब्धियां प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।