पहले टैरिफ और अब वीजा बम.. अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत से दुश्मनी निकाल रहे हैं। भारी भरकम 50 प्रतिशत टैरिफ से भारत के व्यापारी संभले भी नहीं थे कि अब ट्रंप भारतीय कर्मचारियों के पीछे पड़ गए है। ट्रंप के नए आदेश से अमरीकी कंपनियों में खलबली मच गई है। यही वजह है कि H-1B वीजा पर नया फीस का नियम लागू होने से पहले ही अमरीका की दिग्गज आईटी कंपनियों ने अपने विदेशी कर्मचारियों, खासकर भारतीय कर्मचारियों को एक फरमान ईमेल के जरिए भेजा है, जिसमें 1 दिन के अंदर किसी भी सूरत में अमरीका वापस लौटने के लिए कहा गया है। अमरीका के इमिग्रेशन वकीलों और कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को चेतावनी जारी करते कहा है, जो वीज़ा धारक अमरीका के बाहर हैं, वे तुरंत वापस लौट आएं, नहीं तो 21 सितंबर से लागू होने वाली राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई घोषणा के चलते वे अमरीका में फंस सकते हैं या फिर उन्हें दोबारा प्रवेश नहीं मिल पाएगा।