
Success
अगर आप अपने जीवन में बुलंदियों पर पहुंचना चाहते हैं तो आपको लीक से हटकर कुछ नया करने का प्रयास करना चाहिए।
प्रसिद्ध कवि इन्दीवर ने लिखा था, ‘सूरज को धरती तरसे, धरती को चन्द्रमा’। हम सब जानते हैं कि पृथ्वी सूरज के चारों ओर और चन्द्रमा पृथ्वी के चारों ओर घूमता है। इनका प्रेम अभी तक कायम है क्योंकि वे मिल नहीं पाए और यदि मिल लेते तो पृथ्वी पर कुछ नहीं बचता। ये सारे ग्रह-उपग्रह अपनी यात्रा का मार्ग न छोड़ें तो सारे ब्रह्माण्ड के लिए आदर्श स्थिति होती है। पर मनुष्य के लिए यह आवश्यक है कि अपना ‘ऑर्बिट’ तोडक़र बाहर निकले और अपने लिए स्वनिर्मित पथ का निर्माण करे। हम इसे तीन तरीकों से समझने की कोशिश करें- 1. स्वयं की खोज, 2. नए रास्तों का निर्माण और 3. एकरसता।
स्वयं की खोज करें
आपको ऐसा प्रतीत होगा कि यहां दर्शनशास्त्र पर बात की जाएगी, लेकिन ऐसा कतई नहीं है। यहां सिर्फ स्वयं के बहुआयामी व्यक्तित्व को जानने की बात की जा रही है। अक्सर हम खुद से भी ताउम्र नावाकिफ रहते हैं। अपनी खुद की ताकतों और क्षमताओं से अनभिज्ञ, एक ही रास्ते पर हम ताउम्र चलते हैं। अपने विकास के लिए आपको नए ढंग से अपने व्यक्तित्व को खोजना पड़ेगा और अपने वर्तमान सामाजिक व आर्थिक स्तर को दूसरे स्तर पर ले जाने के लिए बंधी-बंधाई धुरी पर यात्रा निरस्त करनी होगी। आपको ऑर्बिट तोडक़र अगले स्तर पर जाना होगा और विश्वास मानिए कि यह यात्रा बेहद रोमांचक और मजेदार होगी। आपको अपनी खुद की प्रतिभा को एक नई दृष्टि से देखने का मौका मिलेगा। आप खुद से आश्चर्यचकित होंगे। आपकी स्वयं की प्रतिभा से उपजा तेज आपको गुदगुदाएगा भी। आपका व्यवसाय और आत्मविश्वास एक नए स्तर पर पहुंचा सा लगेगा।
नए रास्तों का निर्माण
बिजनेस डायवर्सिफिकेशन भी एक तरीके से ऑर्बिट बदलना ही है। हमेशा निर्मित रास्तों पर चलना आपको किसी भी नए निर्माण से दूर रखेगा। नए रास्तों का निर्माण करना और ऑर्बिट को ध्वस्त करना भी पुरुषार्थ है। एक बिजनेस को गरिमामय ऊंचाई देने के बाद दूसरे बिजनेस की ओर मुडऩा नए रास्तों के निर्माण की तरह है। नए व्यवसाय में कूदना, हमेशा आपके अंदर विद्यमान नई सोच, नई ताकत और नए व्यवसायिक दृष्टिकोण को जन्म देता है। आप इसको जितनी निरंतरता से करेंगे, आप हर बार उतने ही स्वयं को नए लगेंगे। अमेजॉन के सीईओ जेफ बेजॉस का वॉल स्ट्रीट पर शानदार कॅरियर था। उनकी कम्प्यूटर साइंस में महारत थी। कई टॉप फाइनेंशियल कंपनियों में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सर्वोत्तम व सर्वोच्च होने के बाद भी जेफ ने ई-कॉमर्स के क्षेत्र में प्रवेश किया और इस समय दुनिया की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कम्पनी अमेजॉन के सर्वेसर्वा हैं।
एकरसता खत्म करें
अब हम इन्सानी फितरत की बात करेंगे, जो किसी भी स्थिति से एक समय के बाद उकता जाती है। मनुष्य में टैलेंट की इतनी सारी परतें होती हैं कि यदि एक-एक परत भी को हटाना शुरू करें तो अपना स्वयं का नया स्वरूप देखने को मिलता है। जैसे आप कपड़े के व्यापारी हैं और टूरिज्म की एक आउटबाउंड ट्रैवल कंपनी शुरू करते हैं या कुछ एक्सपोर्ट से जुड़ा व्यवसाय शुरू करते हैं। इस अंतरराष्ट्रीय व्यवसाय चरित्र के कारण भी व्यक्तित्व में परिवर्तन होगा। आप भाषा पर आधिपत्य करना चाहेंगे। दूसरे देशों को देखने का भी मौका मिलेगा। उनके नागरिकों से मिलना भी ताजी हवा के झौंके की तरह होगा। कुल मिलाकर आपके आस-पास जो वहीं-वहीं है, वह हटेगा। अपनी ताकतों को जानेंगे और निश्चित बंधी-बंधाई लीक को तोडऩा सुकून भरा होगा। सारे ग्रह-उपग्रहों से निवेदन है कि अपना आर्बिट न तोड़ें, वर्ना विध्वंस होगा। सारे इंसानों से निवेदन है कि स्वयं की खोज में अपना आर्बिट जरूर तोड़ें, वर्ना विध्वंस होगा। मार्था स्टेवार्ट मॉडलिंग प्रोफेशन में पूरी तरह से डूबी हुई थीं। वह एक मॉडल थीं। 25 वर्ष की उम्र में वह मां भी बन गईं। उसके बाद भी उन्हें मॉडलिंग असाइनमेंट मिलते रहे, पर उन्होंने मॉडलिंग के बजाय वॉल स्ट्रीट पर स्टॉक ब्रोकर का काम शुरू किया। उनका कुकिंग से लगाव था। अच्छे खाने को विशेष रूप से प्रस्तुत करना उनका शौक था। आज मार्था यही काम कर रही हैं और उनकी कम्पनी ओमनी मीडिया का वैल्यूशन करीब 400 मिलियन डॉलर का है।
Published on:
16 Oct 2017 01:14 pm
बड़ी खबरें
View Allवर्क एंड लाईफ
ट्रेंडिंग
