31 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बनाएं गर्मा गरम चीज कॉर्न मोमोज

मोमोज आमतौर पर हर बच्चे को पसंद होत हैं, ऐसे में अगर आपका बच्चा भी बाहर जा कर मोमोज खाने की जिद करता है तो आप उन्हें यह घर पर ही बना कर दे सकते हैं।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

•

image

Amanpreet Kaur

•

Updated: 19 Jul 2018, 4:17 PM IST

cheese corn momos

cheese corn momos

मोमोज आमतौर पर हर बच्चे को पसंद होत हैं, ऐसे में अगर आपका बच्चा भी बाहर जा कर मोमोज खाने की जिद करता है तो आप उन्हें यह घर पर ही बना कर दे सकते हैं। इन्हें बनाना आसान है और इसे मोमोज सॉस या फिर टमेटो सॉस के साथ सर्व कर सकते हैं। यहां पढ़ें चीज कॉर्न मोमोज की रेसिपी -

सामग्री -

मैदा - 1 कप (125 ग्राम)
स्वीट कॉर्न - 1 कप
प्रोसेस्ड चीज- 4 क्यूब्स (टुकड़े)
तेल - 2 छोटी चम्मच
काली मिर्च - 1/4 छोटी चम्मच (10 दरदरी कुटी हुई)
नमक - ½ छोटी चम्मच या स्वादानुसार

विधि -

किसी प्याले में 1 कप मैदा निकाल लीजिए। इसमें 1/4 छोटी चम्मच नमक डाल कर मिलाएं। फिर इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथकर तैयार कर लीजिए। हाथ पर थोड़ा सा तेल लगाकर आटे को मसलकर चिकना कर लीजिए। इतना आटा गूंथने में द कप से थोड़ा सा ज्यादा पानी का उपयोग हुआ है।

मोमोज़ की स्टफिंग बनाएं

स्टफिंग बनाने के लिए, स्वीट कॉर्न के दाने धोकर ले लीजिए। किसी बर्तन में 2 कप पानी डालकर उबलने के लिए गैस पर रख दीजिए। बर्तन को ढक दीजिए जिससे कि पानी में जल्दी से उबाल आ जाए।

पानी में उबाल आने पर इसमें स्वीट कॉर्न के दाने डाल दीजिए। बर्तन को ढककर कॉर्न के दानों को 5 मिनिट के लिए उबलने दीजिए। इसी बीच, चीज को किसी प्याले में कद्दूकस कर लीजिए।

5 मिनिट बाद कॉर्न के दाने पककर तैयार हैं। गैस बंद कर दीजिए और कॉर्न के दानों को पानी से निकालकर प्लेट में रखी छलनी में निकाल लीजिए जिससे कि कॉर्न का सारा पानी निकल जाए। स्वीट कॉर्न को पूरी तरह से ठंडा होने दीजिए।

स्वीट कॉर्न के पूरी तरह से ठंडा हो जाने के बाद इन्हें कद्दूकस की हुई चीज में डाल दीजिए। साथ ही इसमें 1/4 छोटी चम्मच नमक और 1/4 छोटी चम्मच दरदरी कुटी काली मिर्च डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लीजिए। मोमोज के लिए स्टफिंग बनकर तैयार है।

मोमोज बनाएं

आटे के सैट हो जाने पर हाथ पर थोड़ा सा तेल लगाकर आटे को चिकना करते हुए मसल लीजिए। इसके बाद, आटे से छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लीजिए। लोइयों को ढ्ककर रखें ताकि ये सूखे नहीं। एक लोई उठाएं, इसे गोल करके पेड़े जैसा बनाएं और सूखे आटे में लपेटकर 3-4 इंच के व्यास में पतला बेल लीजिए।

बेली हुई पूरी को हाथ पर रखिए और पूरी के ऊपर 2 छोटे चम्मच स्टफिंग की डालकर किनारे से फोल्ड करते हुए इसे मोमोज का आकार देते हुए बंद कर दीजिए। इस मोमो को एक प्लेट में रख दीजिए और इसी तरह सारे मोमोज बना कर तैयार कर लीजिए।

मोमोज भाप में पकाएं

मोमोज को भाप में पकाने के लिए बर्तन में पानी उबलने के लिए रख दीजिए। छलनी को तेल लगाकर चिकना कर लीजिए। छलनी में मोमोज को थोड़ी थोड़ी दूरी पर लगाते हुए रख दीजिए। पानी में उबाल आने पर, छलनी को बर्तन के ऊपर रखकर ढक दीजिए और मोमोज को 10 मिनिट तक भाप में मध्यम तेज आंच पर पकने दीजिए।

10 मिनिट बाद मोमोज को चैक कीजिए। मोमोज पककर तैयार हैं, इनका रंग भी बदल गया है। गैस बंद कर दीजिए और छलनी को बरतन से हटाकर नीचे रख दीजिए। मोमोज को छलनी से निकालकर एक प्लेट में रख दीजिए। इतने आटे में लगभग 15 से 16 मोमोज बनकर तैयार हो जाते हैं।

स्वादिष्ट गरमागरम कॉर्न चीज मोमोज को आप हरे धनिए की चटनी, लाल मिर्च की तीखी चटनी के साथ परोसिए और खाइए।

अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।