
विमान दुर्घटना में मारे गए पायलट और उनकी पत्नी (फोटो- Jolly Mampilly एक्स पोस्ट)
अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में एक नवविवाहित जोड़े की खुशियां शादी के कुछ ही घंटों बाद मातम में बदल गईं। भव्य समारोह में सैकड़ों मेहमानों की मौजूदगी में विवाह संपन्न हुआ था और परिवार भविष्य के सुनहरे सपने देख रहा था। लेकिन हनीमून पर जाने से पहले हेलीकॉप्टर दुर्घटना ने सब कुछ बदल दिया। भारतीय मूल के दूल्हे डेव फिजी की हेलीकॉप्टर क्रैश में मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी जेसनी गंभीर हादसे के बावजूद जीवित बच गईं। यह दर्दनाक घटना शादी के तुरंत बाद हुई, जिसने पूरे परिवार और समुदाय को झकझोर कर रख दिया।
डेव फिजी और उनकी पत्नी जेसनी ने जॉर्जिया के डॉसनविल स्थित एक वेडिंग वेन्यू में करीब 400 मेहमानों की मौजूदगी में शादी की थी। समारोह समाप्त होने के बाद दोनों एक विशेष विदाई यात्रा के तहत हेलीकॉप्टर से अटलांटा जाने वाले थे। यह उड़ान उनकी शादी को यादगार बनाने के लिए आयोजित की गई थी। हालांकि उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में डेव और हेलीकॉप्टर पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जेसनी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
दुर्घटना के बाद हेलीकॉप्टर एक विशाल वन क्षेत्र में गिरा, जिससे राहत और बचाव कार्य में काफी समय लगा। जेसनी करीब छह घंटे तक मलबे में फंसी रहीं। जब उन्हें होश आया तो उन्होंने अपने पति को अपने सीने पर पड़ा देखा। परिवार के अनुसार उनके शरीर से खून बह रहा था और वह पूरी तरह ठंडे पड़ चुके थे। पेशे से नर्स जेसनी समझ गई थीं कि उनके पति अब इस दुनिया में नहीं रहे। हादसे में उन्हें कई चोटें आईं, लेकिन सौभाग्य से उनकी कोई हड्डी नहीं टूटी। फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
परिवार के अनुसार शादी की रात इलाके में तेज बारिश हो रही थी। डेव स्वयं एक एयरलाइन पायलट थे और उन्होंने उड़ान से पहले खराब मौसम तथा कम दृश्यता को लेकर चिंता जताई थी। बताया गया कि उन्होंने पायलट से कहा था कि ऐसी परिस्थितियों में सामान्य तौर पर उड़ान नहीं भरी जाती। हालांकि पायलट ने कथित तौर पर भरोसा दिलाया कि ऊंचाई बढ़ाकर सुरक्षित उड़ान संभव होगी। कुछ ही समय बाद हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अब इस हादसे की जांच संबंधित सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है।
Published on:
01 Jun 2026 04:26 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
