scriptयूरोप के पर्यटक हॉटस्पॉट में सख्ती, सैलानियों पर लगाया क्रूज पर बैन | Strictness in Europe's tourist hotspots, tourists banned from cruise | Patrika News
विदेश

यूरोप के पर्यटक हॉटस्पॉट में सख्ती, सैलानियों पर लगाया क्रूज पर बैन

वैश्विक स्तर पर जहां पर्यटकों को लुभाने की कोशिश हो रही हैं, वहीं अत्याधिक पर्यटन भी एक मुसीबत है। एम्स्टर्डम और वेनिस जैसे कुछ यूरोपीय टूरिस्ट हॉटस्पॉट ने गुरुवार से पर्यटन शुल्क लगाने जैसे कुछ उपाय पेश किए हैं जो बढ़ती पर्यटक संख्या को कम करने के लिए है

नई दिल्लीApr 26, 2024 / 08:15 am

Anand Mani Tripathi

वैश्विक स्तर पर जहां पर्यटकों को लुभाने की कोशिश हो रही हैं, वहीं अत्याधिक पर्यटन भी एक मुसीबत है। भूटान लगभग तीन दशकों से जारी 65 डॉलर के टूरिस्ट कर को बढ़ाकर 200 डॉलर कर चुका है। यह कहते हुए कि यह पैसा सैलानियों द्वारा फैलाए गए कार्बन प्रदूषण की भरपाई करेगा। उधर, न्यूजीलैंड ने 2019 में ही संरक्षण और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को वित्तपोषित करने के लिए 35 न्यूजीलैंड डॉलर का पर्यटक कर पेश कर दिया था जबकि इंडोनेशिया के बाली ने संस्कृति और पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए 2024 से 150,000 इंडोनेशियाई रुपए का शुल्क लगाया है। सबसे ताजा मामलों में एम्स्टर्डम और वेनिस जैसे कुछ यूरोपीय टूरिस्ट हॉटस्पॉट ने गुरुवार से पर्यटन शुल्क लगाने जैसे कुछ उपाय पेश किए हैं जो बढ़ती पर्यटक संख्या को कम करने के लिए है।
वेनिस डे ट्रिपर्स से वसूलेगा पांच यूरो का शुल्क
दुनिया के शीर्ष पर्यटन स्थलों में से एक वेनिस में, 2022 में 32 लाख पर्यटकों ने ऐतिहासिक द्वीप शहर वेनिस (सेंट्रो स्टोरिको) सेंटर में रातभर का डेरा डाला जबकि क्षेत्र में स्थानीय निवासी आबादी करीब 50,000 मात्र है। 2020 के आंकड़ों के अनुसार लगभग 258,685 लोग ग्रेटर वेनिस या कॉम्यून डि वेनेजिया में रहते थे, जिनमें से लगभग 51,000 लोग सेंट्रो स्टोरिको में रहते हैं और बाकी मुख्य भूमि (टेराफेर्मा) पर रहते थे। गुरुवार को, वेनिस ने प्रवेश के लिए डे ट्रिपर्स से शुल्क लेना शुरू कर दिया है, वहीं रात भर रूकने वाले आगंतुकों के लिए टैक्स पेश किया गया है। दिन के आगंतुकों को पांच यूरो (5.3 डॉलर) का टिकट खरीदना होगा, जिसकी निगरानी यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल के प्रमुख बिंदुओं पर स्पॉट जांच करने वाले निरीक्षकों द्वारा की जाएगी। 2021 में वेनिस ने शहर पर विशाल जहाजों के पर्यावरणीय प्रभाव के बारे में चिंताओं को लेकर वेनिस लैगून से विशाल क्रूज जहाजों पर प्रतिबंध लगा दिया।
एम्स्टर्डम में नशे की पार्टियों से पाएंगे निजात
एम्स्टर्डम ड्रग्स से भरी अपनी पार्टियों की कुख्याति को मिटाने में लगा हुआ है। जिसके लिए आंशिक रूप से प्रति वर्ष लगभग 2 करोड़ सैलानियों की आमद को जिम्मेदार ठहराया गया है। शहर ने 2023 में एक ऑनलाइन कैम्पेन भी चलाया, जिसका उद्देश्य ब्रिटिश युवाओं को नशे के लिए एम्स्टर्डम की यात्रा करने से हतोत्साहित करना था। एम्स्टर्डम ने भी पिछले सप्ताह नए होटलों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी और कहा था कि वह पांच साल के भीतर शहर में नदी क्रूज की संख्या आधी कर देगा। इसने पिछले साल सड़कों पर धूम्रपान करने या गांजा फूंकने पर प्रतिबंध लगाने का भी फैसला लिया था।
डबरोवनिक में पैदल चलना भी बना कलाकारी
क्रोएशिया का मध्ययुगीन दीवारों वाला शहर डबरोवनिक यूरोप के सबसे भीड़भाड़ वाले शहरों में से एक है, जहां पर्यटकों की आवाजाही के कारण कभी-कभी ऐतिहासिक ओल्ड टाउन के अंदर पैदल चलना भी कलाकारी बन जाता है। वर्ष 2011 में इसकी प्राचीर पर गेम ऑफ थ्रोन्स सीरीज के दृश्य फिल्माए जाने के बाद से यहां सैलानियों की संख्या में भारी बढ़त दिखी है। 2023 में, 41,000 लोगों के शहर में 12 लाख पर्यटक आए, जो 2019 के 14 लाख के रिकॉर्ड से कम है। 2019 में स्थानीय अधिकारियों ने क्रूज के आगमन की संख्या प्रति दिन दो तक सीमित कर दी, प्रत्येक में एक समय में 4000 से अधिक यात्री नहीं थे। स्थानीय प्रशासन ने एक ऐप भी लॉन्च किया जो मशीन लर्निंग और मौसम पूर्वानुमान का उपयोग करके भविष्यवाणी करता है कि यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल ओल्ड टाउन सबसे व्यस्त कब होगा।
बार्सिलोना में टूर समूहों का प्रवेश किया सीमित
भूमध्य सागर के तट पर स्थित बार्सिलोना कैटेलोनिया क्षेत्र की राजधानी है, जो प्रसिद्ध गौड़ी वास्तुशिल्प का घर और स्पेन के शीर्ष फुटबॉल क्लबों में से एक है। शहर ने ऐतिहासिक ला बोकेरिया बाजार में टूर समूहों के प्रवेश को सीमित कर दिया, खासकर खरीदारी के चरम समय के दौरान। पूरे सेंटर में पर्यटकों के समूहों को अधिकतम 20 लोगों तक सीमित किया जा रहा है और गाइडों को लाउडस्पीकर का उपयोग करने की अनुमति नहीं है। सिटी काउंसिल के अनुसार उपायों के चलते घरों और हॉस्टलों में पंजीकरण कराने वाले पर्यटकों की संख्या 2019 के आंकड़ों की तुलना में 6.9 प्रतिशत कम हुई है।

Home / world / यूरोप के पर्यटक हॉटस्पॉट में सख्ती, सैलानियों पर लगाया क्रूज पर बैन

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो