Agra One City in Country: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में केंद्रीय स्वास्‍थ्य मंत्री मनसुख एल मांडविया की मौजूदगी में 7000 लोगों ने एक ही दिन में अंगदान का संकल्प लेकर इतिहास रच दिया है। इतनी बड़ी संख्या में अंगदान का संकल्प लेने वाला आगरा देश का पहला शहर बन गया है।
Agra One City in Country: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया और केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल की मौजूदगी में एक कैंप लगाया गया। इसमें एक ही दिन में लगभग 7000 लोगों ने अंगदान करने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। इसके साथ आगरा देश का पहला ऐसा शहर बन गया। जहां एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में लोगों ने अंगदान करने का संकल्प लिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने 100 लोगों को सम्मानित किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आगरा के लोगों ने इतिहास रचा है।
दरअसल, आगरा में पहली बार शनिवार को इतने बड़े स्तर पर अंगदान रजिस्ट्रेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें खुद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने शिरकत की। इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने परिवार सहित अंगदान करने का संकल्प लिया था। जिसके बाद उन्होंने ये पहल शुरू की। इसी के तहत शनिवार को आगरा के जीआईसी ग्राउंड पर कैंप लगाकर अंगदान रजिस्ट्रेशन कराए गए। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पहले से देहदान और अंगदान कर चुके करीब 100 से ज्यादा लोगों का सम्मान भी किया गया।
इतना ही नहीं रक्तदान करने वालों का केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडविया ने सम्मान किया। अंगदान के लिए 7 हजार से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया। केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि हमारा दान किसी को जीवन दान दे सकता है। इसके लिए दिल्ली एम्स और अहमदाबाद की टीमें अलग अलग जगह ऑर्गन्स ट्रांसप्लांट करने की ट्रेनिग देंगी।
उन्होंने कहा कि आगरा में एसएन मेडिकल कॉलेज में सभी व्यवस्थाएं हैं। जल्द ही यहां के डॉक्टर्स को और ट्रेंड किया जायेगा। साथ ही एक ग्रीन कॉरिडोर भी बनाया जाएगा। ताकि कम समय में अंगदान करने वालों को दिल्ली तक पहुंचाया जा सके। साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि उड्डयन मंत्रालय से भी संपर्क किया गया है। उनसे भी सहयोग की अपील की गई है। ताकि मरीज और डोनर दोनों को जल्द अंगदान का लाभ मिल सके।
आगरा से प्रमोद कुशवाह की रिपोर्ट