
आगरा। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर बाइक सवार मु्फ्त में सफर नहीं कर सकेंगे। उन्हें भी लाइन में लगकर टोल देना होगा। ये टोल एकमुश्त या फिर प्रति किलोमीटर के हिसाब से लिया जाएगा। वहीं आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे के सर्विस रोड को टोल टैक्स से मुक्त रखा गया है।
15 जनवरी से शुरू होगा टोल टैक्स
देश के सबसे बड़े आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे की लंबाई 303 किलोमीटर की है। 15 जनवरी से आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर टोल टैक्स की वसूली शुरू हो जाएगी। लखनऊ से आगरा तक चार पहिया वाहनों पर 570 रुपये एक तरफ का टोल लगेगा, जबकि लखनऊ से नोएडा तक 1020 रुपये देने होंगे। सिक्स लेन एक्सप्रेस वे पर जगह जगह सर्विस रोड बनाई गई हैं। चार पहिया वाहनों के साथ ही मोटर साइकिल सवारों से भी टोल टैक्स लिया जाएगा।
बाइक पर भी कम नहीं टोल
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा तय रेट के हिसाब से बाइकों के लिए टोल एक रुपये प्रति किमी के हिसाब से होगा। आगरा से लखनऊ तक का टोल 285 रुपये का होगा। जिलाधिकारी गौरव दयाल ने बताया कि उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा 15 जनवरी से टोल टैक्स वसूला जाएगा। टोल प्लाजा पर रेट लिस्ट चस्पा होगी।
बिना सुविधाओं के टोल टैक्स लगाने पर विरोध
आगरा डवलपमेन्ट फाउण्डेशन (एडीएफ) ने 303 किलोमीटर लम्बे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे टोल लगाने का विरोध किया है। एडीएफ का कहना है कि पहले यह एक्सप्रेसवे आवागमन हेतु सुरक्षित व सुविधायुक्त हो। इसके बाद टोल लगाया जाए। एडीएफ सचिव के.सी. जैन ने इस बारे में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पोर्टल पर भी सुझाव दिए हैं। इस एक्सप्रेसवे पर अनेक स्थानों पर अनधिकृत कट हैं, जिनके कारण गाय आदि जानवर एक्सप्रेसवे पर चढ़ आते हैं। साइकिल व मोटर साइकिल भी उनसे एक्सप्रेसवे पर प्रवेश करती हैं, जिनके कारण हादसा होने की पूर्ण सम्भावनाएं हैं। विगत में हादसे भी हुए हैं। दोपहिया वाहनों को रोका जाए।
Published on:
07 Jan 2018 09:07 am

बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
