वियतनाम के रक्षामंत्री जनरल फान वान गियांग की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। उन्हें एक स्टे गाइड द्वारा ताजमहल का भ्रमण कराया गया है।
वियतनाम के राष्ट्रीय रक्षामंत्री जनरल फान वान गियांग दो दिन के भारत दौरे पर आए हुए हैं। रविवार को उन्होंने ताजमहल का दीदार किया। इस दौरान भीषण गर्मी के चलते उनके साथ एक व्यक्ति छाता लेकर चलता रहा और मात्र 35 मिनट के अंदर वो ताजमहल देखकर चले गए।
इस दौरान उनकी सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। ताजमहल पर स्टे गाइड को विदेशी पर्यटकों को गाइड करने की अनुमति नहीं है। स्टे गाइड द्वारा राष्ट्रीय अतिथि को गाइड किया गया है। मामले की जानकारी होने के बाद पुरातत्व विभाग और सीआईएसएफ जांच करने की बात कह रहे हैं।
जिम्मेदारों की अनदेखी से हुई चूक
वियतनाम के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री का दौरा पूरी तरह सरकारी था। उनके आने की सूचना और भ्रमण की जिम्मेदारी के लिए पुरातत्व विभाग, सीआईएसएफ और स्थानीय प्रशासन को पहले ही लिखित निर्देश जारी किए गए थे। पूरी सुरक्षा के साथ जनरल फान वान गियांग अपने साथ आए प्रतिनिधि दल के लोगों के साथ ताजमहल घूमने आए। ऐसे में उनको शाकिर नामक एक स्टे गाइड ने ताजमहल का भ्रमण करवाया। जिम्मेदारों को जानकारी होते हुए भी यह गलती वीआईपी मेहमानों की सुरक्षा में बड़ी चूक है।
यह है नियम
ताजमहल पर गाइड का काम करने के लिए लाइसेंस लेना जरूरी है। वर्तमान में दो सौ 65 के लगभग गाइडों ने कोर्ट से स्टे ले रखा है। इन्हे स्टे गाइड कहा जाता है और इन्हें सिर्फ भारतीय पर्यटकों को घुमाने की ही अनुमति होती है। विदेशी पर्यटकों को लाइसेंसी गाइड ही घूमा सकते हैं और किसी देश के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए दूतावास से गाइड नियुक्त किया जाता है। इसके बावजूद स्टे गाइड तो बड़ी बात है फर्जी गाइड भी होटलों सेसेटिंग कर विदेशी पर्यटकों को घुमाते नजर आ जाते हैं। अभी कुछ समय पूर्व एक विदेशी सैन्य अधिकारी को इसी तरह के गाइड द्वारा घुमाने का मामला सामने आया था।