
आगरा। केन्द्र और उत्तर प्रदेश में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) में अब पदों के लिए मारामारी है। ‘एक अनार सौ बीमार’ वाली स्थिति है। बात हो रही है मंडल अध्यक्षों की। 13 अक्टूबर, 2019 को मंडल अध्यक्ष के चुनाव हुए। पार्टी सोच रही थी कि सर्वसम्मति बन जाएगी। ऐसा हो नहीं सका। इसके चलते चुनाव (BJP Organization Election) नहीं कराया गया। नामांकन पत्र एकत्रित कर लिए गए हैं। अब पार्टी के बड़े नेता फैसला करेंगे कि किसे मंडल अध्यक्ष बनाया जाए।
महानगर में 18 मंडल
आगरा महानगर की बात करते हैं। यहां कुल 18 मंडल हैं। आगरा छावनी विधानसभा क्षेत्र में राजेश्वर मंडल, ताज मंडल, छावनी परिषद मंडल, मधुनगर मंडल, रावली मंडल और अर्जुन नगर मंडल हैं। आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में मनकामेश्वर मंडल, शिवाजी मंडल, सुभाष मंडल, केशव मंडल और माधव मंडल हैं। आगरा उत्तर विधानसभा क्षेत्र में गोपेश्वर मंडल, दीनदयाल मंडल, कैलाश मंडल, बल्केश्वर मंडल और दयालबाग मंडल हैं। एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में सीतानगर और रामबाग मंडल हैं।
18 पदों के लिए 176 दावेदार
13 अक्टूबर को सभी मंडलों में चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई। मंडल अध्यक्ष के लिए दावेदारों की संख्या देखकर चुनाव अधिकारी सकते में आ गए। फिर तय हुआ कि चुनाव नहीं कराना है। सर्वसम्मति से मंडल अध्यक्ष बनाया जाएगा। इसलिए 167 नामांकन पत्र प्रदेश चुनाव अधिकारी आशुतोष टंडन को भेज दिए गए। स्थानीय स्तर की बात करें तो बृज क्षेत्र संगठन मंत्री भवानी सिंह और महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे की संस्तुति काम आएगी। यह भी पता चला है कि पार्टी अपने स्तर पर एक सर्वेक्षण करा रही है। इस सर्वेक्षण में जिसकी छवि और कार्यपद्धति ठीक होगी, उसे मंडल अध्यक्ष पद पर नामित कर दिया जाएगा।
मंडल समिति गठित
सभी 18 मंडलों में एक साथ मंडल अध्यक्ष पद के लिए और मंडल समिति के सदस्यों के लिए नामांकन लिए गए। मंडल समिति प्रत्येक मंडल में 60 सदस्यों की बनाई गई। 11 जिला प्रतिनिधि प्रत्येक मंडल से चुने गए। मीडिया प्रभारी दिनेश अगरिया का कहना है कि अधिक नामांकन आने का मतलब है भाजपा के साथ कार्य करने का उत्साह है। चुनाव और पुनर्गठन की यह प्रक्रिया पिछले एक महीने से चल रही थी। सबसे पहले बूथ इकाई का चुनाव हुआ था।
कहां किस मंडल का चुनाव हुआ
महानगर के दीनदयाल मंडल का चुनाव अमल गार्डन में, दयालबाग- कम्युनिटी हॉल चंद्रावती स्कूल न्यू आगरा, गोपेश्वर - उत्सव मैरिज होम प्रभु टाकीज के सामने, बल्केश्वर मंडल- संत रामकृष्ण परमहंस कन्या महाविद्यालय, कैलाश मंडल- करोड़ी सिंह धर्मशाला नगला पदी, सुभाष मंडल- चामुंडा देवी मंदिर सुभाष पार्क एमजी रोड आगरा, मनकामेश्वर मंडल- छीतरमल धर्मशाला बेलनगंज, शिवाजी मंडल- कुशवाह इंटर कॉलेज पृथ्वीनाथ फाटक के पास शाहगंज, माधव मंडल- बुर्जी वाला मंदिर प्रताप नगर, केशव मंडल- दरिया नाथ मंदिर राजा मंडी, ताजमंडल शिव मंदिर बसई कला ताजनगरी फेस वन, अर्जुन नगर- मंडल मिलन वाटिका खेरिया मोड़, छावनी परिषद- बांके बिहारी मंदिर सदर बाजार, राजेश्वर मंडल- गोपी वाटिका जगजीत नगर, मधुनगर मंडल- दुर्गा देवी मंदिर मधुनगर, रावली मंडल- दुर्गा देवी मंदिर नामनेर, रामबाग मंडल- ग्रीन क्लीन इंटर कॉलेज कालिंदी विहार, सीता नगर मंडल का चुनाव राम लखन इंटर कॉलेज नुनिहाई रोड आगरा पर हुआ।
क्या कहते हैं महानगर अध्यक्ष
भाजपा के महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे ने बताया कि आगरा महानगर के चुनाव अधिकारी अरुण वशिष्ठ और सह चुनाव अधिकारी पूनम कपूर की देखरेख में चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव उत्साहपूर्ण वातावरण में शांतिपूर्वक कराया गया। प्रत्येक मंडल में चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। सबसे ज्यादा नामांकन फार्म राजेश्वर मंडल में जमा हुए। पुनर्गठन की स्थिति बन गई। युवाओं को मौका मिलेगा।
Updated on:
14 Oct 2019 11:39 am
Published on:
14 Oct 2019 11:31 am

बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
