
शाही जामा मस्जिद में जानवर का कटा सर मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए महज पांच घंटे के भीतर आरोपी नजीरुद्दीन उर्फ कल्लू को पकड़ लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का मकसद शहर की सांप्रदायिक माहौल को बिगाड़ने का था।
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी सिटी सोनम कुमार के निर्देशन में टीम गठित की गई। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच को आगे बढ़ाया और शाहगंज के कोल्हाई क्षेत्र निवासी आरोपी तक पहुंच बनाई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दर्जनों पुलिसकर्मियों की टीम लगाई गई थी। एक दुकानदार को पूछताछ के लिए उठाया गया और उसी के माध्यम से पुलिस आरोपी तक पहुंच पाई।
प्राथमिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी नजीरुद्दीन मंदबुद्धि हो सकता है और संभव है कि किसी ने उसका इस्तेमाल किया हो। हालांकि, पुलिस पूरी गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की असली मंशा और साजिशकर्ता का पता लगाया जा सके। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद मस्जिद और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन और मस्जिद कमेटी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि अफवाहें फैलने से रोका जा सके। प्रशासन ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
नमाज पढ़ने के बाद कुछ युवकों ने मस्जिद में से ही नारेबाजी शुरू कर दी। मस्जिद से नारेबाजी करते हुए युवक बाहर निकले। पुलिस ने उन्हें शांति से घर जाने को कहा। कुछ युवकों ने पुलिसकर्मियों को धक्का भी दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठी फटकार कर युवकों को वहां से खदेड़ने की कोशिश की। डीसीपी सिटी सोनम कुमार पुलिसकर्मियों के साथ पेट्रोलिंग पर लागातार डटी हैं।
Updated on:
11 Apr 2025, 5:15 PM IST
Published on:
11 Apr 2025, 5:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.