
जयमाला पर मौजूद दूल्हा और दुल्हन
आगरा। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में दहेज लोभी दूल्हा जयमाला से उठकर चला गया। काफी मिन्नतें करने के बाद भी वह वापस लौटकर नहीं आया। दुल्हन का रो—रोकर बुरा हाल था। वहीं बाद में दुल्हन ने भी ऐसे दहेज लोभी दूल्हे के साथ शादी करने से इंकार कर दिया। कन्या पक्ष ने दूल्हा पक्ष के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
यह था मामला
फिरोजाबाद के उत्तर थाना क्षेत्र के झलकारी नगर में रहने वाले चूड़ी झलाई करने वाले रामऔतार ने छह माह पूर्व अपनी बेटी पूनम की शादी इटावा जिले के गांव गीजा निवासी बबलू के साथ तय की थी। रात नौ बजे बरात पहुंची। घरातियों ने बरातियों की खातिरदारी की। रात दस बजे बरात चढ़ने के बाद द्वारचार की रस्म हुई, इसके बाद अधिकांश बराती बस से वापस लौट गए। दूल्हा के साथ नजदीकी रिश्तेदार और दोस्त रह गए।
दहेज पूरा न होने पर भाग गया दूल्हा
दुल्हन पक्ष के मुताबिक रात एक बजे जयमाला कार्यक्रम के दौरान दूल्हा दहेज की मांग पूरी न होने पर स्टेज से उठकर चला गया। काफी देर तक कन्या के परिजन दूल्हे की इंतजार करते रहे लेकिन वह वापस लौटकर नहीं आया। बाद में दूल्हे की तलाश की गई लेकिन वह नहीं आया। दुल्हन के पिता ने दूल्हा और उसके परिजनों को फोन लगाए लेकिन उसने एक भी फोन नहीं उठाया। दुल्हन के पिता ने शादी कराने वाले बिचौलिए से बात की तो पता चला कि सुबह चार बजे दूल्हा अपने गांव पहुंच गया है। वह बात कर रहा है। दो-तीन घंटे में वे दूल्हे को लेकर पहुंचेंगे। इसी तरह बातों-बातों में शाम के चार बज गए। दुल्हन के पिता ने उत्तर थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर अनूप कुमार भारतीय ने बताया कि दूल्हा बबलू पर दहेज की मांग पूरी न होने पर शादी छोड़ने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
Updated on:
10 Dec 2020 01:48 pm
Published on:
10 Dec 2020 01:09 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
