आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा और कासगंज समेत तमाम जगहों पर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। जिले की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर तलाशी तेज कर दी गई है। मथुरा में जिला प्रशासन ने सभी के अवकाश रद्द कर दिए हैं। सघन तलाशी के साथ जन्मभूमि पर पहरा कर दिया गया है। यहां तैनात सीआरपीएफ और आरपीएफ की एक-एक टुकड़ी को जम्मू-कश्मीर रवाना किया गया है। वहीं फिरोजाबाद में मिश्रित आबादी वाले इलाके में स्थित कलावती स्कूल में जल्दी छुट्टी कर दी गई है। वहीं मथुरा कैंट इलाके में स्ट्राइक वन कोर परिसर में करीब 150 आर्मी वाहनों को तैयार किया जा रहा है। हालांकि इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि कि नरेंद्र मोदी सरकार के इस फैसले के बाद कश्मीर में संभावित उपद्रव के चलते अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।